विक्ट्री : बिहार में बहार, फिर आई नीतीश सरकार

125 सीटों के साथ एनडीए को पूर्ण बहुमत

पटना। बिहार विधान सभा चुनाव का रिजल्ट एग्जिट पोल के अनुमान के उलट आया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने शानदार प्रदर्शन कर पूर्ण बहुमत प्राप्त कर लिया है। 125 सीटों के साथ एनडीए ने चुनावी परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। महागठबंधन को 110 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण महागठबंधन के हाथ सत्ता की चाबी नहीं लग पाई है। चुनावी नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार की जनता का आभार जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि बिहार में जनता-जर्नादन के आशीर्वाद से लोकतंत्र ने पुन: जीत प्राप्त की है। बिहार विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 74, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 75, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) को 43, कांग्रेस को 19, लोक जन शक्ति पार्टी लोजपा को 1 और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एचएएम) को 4 सीटें मिली हैं। 125 सीटें जीतकर एनडीए ने पूर्ण बहुमत के आंकड़े को भी पार कर लिया है। बिहार में विधान सभा की कुल 243 सीटों पर चुनाव कराए गए थे। सत्ता में आने के लिए 122 सीटें लाना जरूरी था। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के जनादेश को आत्मनिर्भर बिहार का नया रोडमैप करार दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पहला पाठ पढ़ाया है। बिहार ने आज दुनिया को फिर बताया है कि लोकतंत्र को मजबूत कैसे किया जाता है। रिकॉर्ड संख्या में बिहार के गरीब, वंचित और महिलाओं ने वोट भी किया और आज विकास के लिए अपना निर्णायक फैसला भी सुनाया है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा साथियों ने साफ कर दिया है कि यह नया दशक बिहार का होगा और आत्मनिर्भर बिहार उसका रोडमैप है। उधर, गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर विपक्षी दलों पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम न सिर्फ कोरोना के खिलाफ मोदी सरकार की सफल लड़ाई में गरीब, मजदूर, किसान और युवाओं के यकीन को दिखाता है, वहीं यह नतीजे देश को गुमराह करने वालों के लिए सबक भी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया है।