भाजपा मेयर प्रत्याशी ने नगर निगम को बताया दलाली का अड्डा सीएम योगी के सामने सुनीता दयाल ने उठाया भ्रष्टाचार और दलाली का मुद्दा भाषण की हो रही है खूब चर्चा सुने ऑडियो

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने मंच से सुनीता दयाल ने नगर निगम में दलालों की सक्रियता को लेकर उठाई आवाज कहा पार्षदों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार पर करेंगे वार

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम में भ्रष्टाचार है और दलाल सक्रिय हैं। मेयर बनने के बाद पार्षदों के साथ मिलकर नगर निगम को दलालों के चंगुल से मुक्त कराऊंगी। गाजियाबाद से भाजपा के मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल का यह भाषण खूब सुर्खियां बटोर रहा है। सुनीता दयाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मंच से हजारों लोगों की जनसभा को संबोधित करते हुए गाजियाबाद नगर निगम के भ्रष्टाचार को लेकर यह बातें कही। उन्होंने कहा कि नगर निगम को दलालों से मुक्त कराकर एक अच्छा काम करके गाजियाबाद को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। सुनीत दयाल का यह भाषण भाजपाईयों के भी गले नहीं उतर रहा है, वहीं विपक्षी दलों को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरने का मौका मिल गया है। नगर निगम में भाजपा की सरकार है और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है। ऐसे में सुनीता दयाल के इस बयान से भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर ही उंगली उठ रही है। भाजपा मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल ने जब नगर निगम के भ्रष्टाचार और दलाली के अड्डे की बात उठाई उस समय मंच पर निवर्तमान मेयर आशा शर्मा भी मौजूद थी। मेयर आशा शर्मा मेयर पद के टिकट के प्रबल दावेदारी में रही है। अंतिम समय में आशा शर्मा का नाम कटा और सुनीता दयाल को मेयर का टिकट मिला। ऐसे में इन चर्चाओं को भी बल मिल गया कि सुनीता दयाल ने मंच से निवर्तमान मेयर को अपमानित करने के लिए यह बातें कही है। बहरहाल सुनीता दयाल ने जो सोच कर बयान दिया हो लेकिन इस बयान से विपक्षी पार्टियों को भाजपा को घेरने का मौका मिल गया है। भाजपा मेयर प्रत्याशी का यह बयान भाजपा के जनप्रतिनिधियों के भ्रष्टाचार में शामिल होने की ओर इशारा कर रहा है।

गाजियाबाद भाजपा का मजबूत गढ़ है। यहां के लोग प्रत्याशी को नहीं बल्कि कमल के निशान को वोट देते हैं। गाजियाबाद के इसी पुराने इतिहास को लेकर यह कहा जाता है कि यहां पार्टी जिसको टिकट देगी वहीं विजयी होगा। यही वजह है कि गाजियाबाद में प्रत्याशियों द्वारा चुनाव लड़ने से अधिक टिकट हासिल करने के लिए मेहनत करते हैं। गाजियाबाद में भाजपा का बूथ लेवल तक संगठन तंत्र इतना मजबूत है कि प्रत्याशी को चुनाव लड़ने में कोई परेशानी नहीं होती। सांसद, विधायक से लेकर मेयर और पार्षदों के लिए कमल के निशान के सहारे चुनावी नैय्या पार लगा लेते हैं। प्रत्याशियों से नाराजगी के बावजूद गाजियाबाद की जनता मोदी और योगी के नाम पर भाजपा के पक्ष में मतदान करती है। अगले सप्ताह गाजियाबाद में नगर निकाय चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद पहुंचे। कविनगर रामलीला मैदान में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री अरुण असीम, विधायक सुनील शर्मा, अजीतपाल त्यागी, अतुल गर्ग, नंद किशोर गुर्जर, मंजू सिवाच, निवर्तमान मेयर आशा शर्मा सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री के भाषण से पहले भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल ने भाषण दिया। भाषण के दौरान सुनीता दयाल ने गाजियाबाद को नंबर-1 बनाने और विकास को रफ्तार देने सहित कई बातें कही। इसी बीच उन्होंने नगर निगम में भ्रष्टाचार को लेकर भी बातें कही। भाजपा प्रत्याशी ने नगर निगम में हुए भ्रष्टाचार और दलालों की सक्रियता को लेकर कहा कि चुनाव जीतने के बाद पार्षदों की मदद से वह नगर निगम को दलालों के चंगुल से मुक्त कराएंगी।