बवाल : भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत

पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जमकर मचा हंगामा

कोलकाता। ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भाजपा ने वीरवार को 12 घंटे का भारत बंद बुलाया। इसके मद्देनजर सूबे में जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन किए गए। पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। विवाद गहराने और माहौल बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज से भगदड़ मच गई। इस बीच जमकर हंगामा मचा। पश्चिम बंगाल में आए दिन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो रही हैं। इसके विरोध में भाजपा ने ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रखा है। भाजपा ने वीरवार को 12 घंटे के भारत बंद का आह्वान किया था। इसके चलते जगह-जगह सड़कों पर उतर कर विरोध-प्रदर्शन किए गए। कूच बिहार जनपद में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। गाली-गलौच एवं मारपीट होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दोनों पक्षों को खदेड़ दिया। दरअसल कूच बिहार जिले में बुधवार को 2 सामुदायिक क्लब के सदस्यों के बीच झड़प में भाजपा नेता कलाचंद कर्माकार (55) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना तूफान गंज क्षेत्र में मां काली की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान हुई। भाजपा ने घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है। उधर, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इन आरोपों से इनकार किया है। भाजपा नेता कलाचंद कर्माकार की हत्या के विरोध में वीरवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर हंगामा किया। भाजपा का आरोप है कि टीएमसी की गुंडई के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस पर सत्ता का दवाब है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कूच बिहार जनपद में हुई घटना की जांच की जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हत्याकांड में राजनीतिक एंगल की बात से पुलिस ने साफ इंकार किया है।