मावा भट्टी के बॉयलर फटने से एक की मौत दर्जनों घायल

-घटना के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, समय से नहीं पहुंची एंबुलेंस
-लोगों ने अपने वाहनों से भेजा नर्सिंग होम

राहुल सिंह (उदय भूूूमि ब्यूरो) 
धौलाना।
ग्राम बडौदा सिहानी दूध उत्पादन सहकारी डेयरी के मावा बनाने की फैक्ट्री में लगे बॉयलर में अत्यधिक गैस हो जाने के कारण बॉयलर फट गया। बायलर फटने से अफरा-तफरी मच गई। बॉयलर फटने से फैक्ट्री के चार मजदूर लहूलुहान हो गए और फैक्ट्री के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। फैक्ट्री में लगा बॉयलर करीब 500 मीटर दूर आसमान में उड़ता हुआ एक परिवार के ऊपर आफत बनकर जा गिरा जिससे दर्जनभर से अधिक परिजन एवं पड़ोसी घायल हो गए। सुबह 8:30 बजे थाना हाफिजपुर क्षेत्र के ग्राम बड़ौदा सिहानी निवासी  विनित पुत्र निरंजन शर्मा पिछले 5 साल से गांव में ही दूध की डेरी चलाता है। डेयरी में दूध से मावा बनाने के लिए अवैध रुप से भट्टी के पास ही बॉयलर लगा कर फैक्ट्री चला रहा है। सुबह करीब 8:30 बजे अचानक फैक्ट्री में लगाए गए बायलर में अत्यधिक गैस हो जाने के कारण बॉयलर फट गया। फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर लालू, सानू, मोहसीन, वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर फैक्ट्री से करीब 500 मीटर दूर आसमान में उड़ कर इमरान व उसके परिजनों के मकान पर बायलर गिर गया। बायलर गिरने से इमरान पुत्र ननुआ उम्र 45, रजिया पत्नी इमरान उम्र 40,रिजवान पुत्र इमरान उम्र 14 ,शबनम पुत्र अनवर उम्र 10 साल, सबस पुत्र इकरार 8 साल,अक्सा पुत्र इसरार उम्र 8 साल ,शहरीन पुत्री मेहताब उम्र 8 साल, सादिया पुत्री आसिफ उम्र 9 साल, सानिया पुत्री मेहताब उम्र 6 साल, इमसा पुत्री युसूफ उम्र 7 साल, सोहेल पुत्र अशरफ उम्र 8 साल ,फरजाना पुत्री अशरफ उम्र 35 ,अजीमा पुत्री उम्र 8 साल बुरी तरह घायल हो गये। फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर  लालू, सानू, मोहसीन, वसीम को भी चोटें आई है। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से हापुड़ निजी नर्सिंग होम में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घायल पांच  को हापुड़ के देवनन्दनी अस्पताल मे एवंं 14 को मधु अस्पताल किशनगंज हापुड़ में भेजा गया। जिनमें से रिजवान पुत्र इमरान जो अस्पताल में उपचाराधीन था। को प्राथमिक उपचार के उपरांत छुट्टी दे दी गयी है। घायलों में से एक मिस्वाह पुत्री सदाकत आयु करीब 5 वर्ष की मृत्यु हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर एडीएम जयनाथ यादव, अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, एसडीएम धौलाना अरविंद कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी पिलखुवा, डा तेजवीर सिंह, कोतवाली पिलखुवा प्रभारी निरीक्षक  नरेश कुमार, धौलाना थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान, हाफिजपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह  समेत अन्य अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया गया।

घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
जिला अधिकारी ने हुई इस घटना के लिये अरविंद कुमार उप जिला मजिस्ट्रेट धौलाना को जांच अधिकारी नामित कर घटना के कारणों की जांच हेतु निर्देशित कर दिया है। उप जिलाधिकारी अरविंद कुमार द्विवेदी ने ग्रामीणों से कहा इस संबंध में किसी को अपने बयान दर्ज कराने हैं तो वह उन्हें बयान दर्ज करा सकता है।

लाइसेंस दूध से उत्पाद बनाने का मौत का इंतजाम
गांव बड़ौदा सिहानी में रविवार की सुबह ग्रामीणों पर कहर बनकर टूटी अवैध फैक्ट्री चला रहे संचालक की कलई खुल गई। गांव के बाहरी हिस्से में चल रही फैक्ट्री में लगा बॉयलर अचानक ज्यादा स्टीम बनने के कारण अपने फाउंडेशन को उखाड़ कर फैक्ट्री से करीब 500 मीटर दूर मोहल्ला सिहानी पट्टी हाथा न्यू मदरसा के पास इमरान के घर मौत बनकर टूट पड़ा। सुबह करीब 8: 30 बजे इमरान की छत पर उसके परिजनों और पड़ोसियों के मासूम बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान आग में धधकता हुआ बॉयलर उनके मकान पर आ गिरा  बॉयलर की गति का वेग मकान सह नहीं सका और मकान तहस-नहस होकर गिर पड़ा। इस दौरान छत पर पढ़ रही बच्चियां गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई। आसमान से मौत के रूप में बच्चियों पर गिरे बायलर से पड़ोसी सदाकत की 5 वर्षीय बेटी मिसवाह की मौत हो गई।

परिजनों की मदद को बढ़े ग्रामीणों के हाथ
बड़ौदा सिहानी मे जिसने भी बॉयलर फटने की सूचना सुनी वही मौके पर दौड़ पड़ा आनन-फानन में ग्रामीणों ने पूरी तरह मानवता का धर्म निभाते हुए घायलों को अपने-अपने वाहनों से निजी अस्पतालों में भेजना शुरू कर दिया। घंटो तक एंबुलेंस ना आई लेकिन ग्रामीण अपने तरीके से घायलों की मदद करते रहें। गांव निवासी डॉक्टर हामिद एवं स्थानीय निवासी अनीस ने बताया कि मंजर देखकर कलेजा मुंह को आ रहा था। लेकिन हर कोई घायलों को बचाने की कोशिश में जुटा था।

पूर्व विधायक ने बांटा दर्द ,उठाई मुआवजा की मांग
पूर्व विधायक गजराज सिंह ने बॉयलर फटने से हुए दर्दनाक हादसे के बाद पीडि़तों से मिलने देवनंदनी अस्पताल और मधु नर्सिंग होम पहुंचे। अस्पताल में 11 वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान हुई मौत पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन से पीडि़त परिवारों को मुआवजा की मांग की। पर्व विधायक गजराज सिंह ने मृतक के परिवारों को 10 लाख गंभीर रूप से घायल के लिए पांच लाख और घायलों के लिए  2 लाख  मुआवजे की मांग की।