भू-माफिया पर चला निगम का बुलडोजर, 70 करोड़ की भूमि कब्जा मुक्त

-नगर निगम की भूमि पर कब्जा नहीं होगा बर्दाश्त: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। खाली पड़ी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर अब नगर निगम हरकत में आ गया है। निगम के सभी वार्डों में जमीन का सर्वे करवाया जा रहा है। इसके अलावा जहां अवैध कब्जे हैं, उनको हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर करोड़ों रुपए की भूमि कब्जा मुक्त कराया। महापौर सुनीता दयाल का कहना है कि निगम की जमीन पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं होंगे। जिन भी लोगों ने अवैध कब्जे किए हुए हैं, सभी हटाए जाएंगे। जो अवैध कब्जाधारी स्वयं कब्जा नहीं हटाएंगे, उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। यदि एफआईआर दर्ज करानी पड़ी तो वह भी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

महापौर ने बताया प्रतिदिन जनता दरबार में पार्षदों एवं शहर की जनता द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलती है। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए नगर आयुक्त को जांच कराकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए गये है। बुधवार केा नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के निर्देशन में अपर नगर आयुक्त की उपस्थिति में संपत्ति अधीक्षक भोलेनाथ द्वारा वार्ड 34 चिकम्बरपुर में खसरा नंबर 57, 90 व 93 की 9000 वर्ग मीटर भूमि में से 5000 वर्ग मीटर खाली कराई गई। जिसकी कीमत करीब 16 करोड़, वार्ड 35 अकबरपुर बहरामपुर में 8 हेक्टेयर भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। लेकिन मोके पर 3000 वर्ग मीटर भूमि पर मिली।

जिसको कब्जा मुक्त कराया गया। जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ एवं मिर्जापुर में 15000 वर्ग मीटर भूमि खाली कराई गई। जिसकी कीमत 45 करोड़ है। बाकि बची हुई भूमि के लिए भी नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है जल्द खाली कराई जाएगी। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि नगर निगम की भूमि पर कब्जे की लगातार शिकायत प्राप्त हो रही है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए प्रतिदिन अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है। नगर निगम की भूमि पर कोई कब्जा बिल्कुल बर्दाश्त नही किया जाएगा। कठोर कार्यवाही भी करनी पड़ी तो हम पीछे नही हटेंगें।