प्लास्टिक वेस्ट से सज-संवर रहा गाजियाबाद

– नगर निगम द्वारा वेस्ट प्लास्टिक मैटेरियल से बनाई जा रही है ऐतिहासिक धरोहरों की कलाकृतियां

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। जो चीजें अनुपयोगी है, उन सामग्री का निस्तारण भी कठिन होता है। ऐसे वेस्ट मैटेरियल का किस तरह से वेस्ट उपयोग किया जाये। यह गाजियाबाद नगर निगम से सीखा जा सकता है। एक अनूठे प्रयोग के तहत नगर निगम द्वारा वेस्ट प्लास्टिक मैटेरियल से ऐतिहासिक स्थलों एवं धरोहरों की कलाकृति बनाकर शहर का सौदर्यीकरण किया जा रहा है। नगर निगम का यह प्रयोग काफी सुर्खियां बटोर रहा है। नगर निगम के इन प्रयासों से ना सिर्फ वेस्ट मैटेरियल का निस्तारण हो रहा है बल्कि, प्रदूषण से निपटने में भी मदद मिल रही है। हाल ही में नगर निगम द्वारा कौशांबी में प्लास्टिक वेस्ट से देश की सबसे बड़ी की-बोर्डनुमा टेबल बनाई गई है। यह इंडिया बुक आफ रिकार्ड एवं एशिया बुक आफ रिकार्ड में दर्ज हो चुका है। अभी तक वेस्ट प्लास्टिक मैटेरियल से सड़कें बनाई जाती रही हैं। लेकिन अब एक और प्रयोग शुरू किया गया है। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा इस बार प्लास्टिक वेस्ट मैटेरियल से थीम बेस्ट कलाकृतियां तैयार कराई जा रही है। जिससे कि यह सुंदर और आकर्षक दिखने के साथ-साथ लोगों तक संदेश भी पहुंचा रहा है। इन दिनों नगर निगम का फोकस प्लास्टिक वेस्ट से शहरवासियों को निजात दिलाने और शहर की सड़कों को कूड़ा मुक्त बनाने पर है। नगर निगम द्वारा शहर से कूड़ा विलोपित किया जा रहा है, वहीं कूड़ा विलोपन के बाद इन स्थानों पर वेस्ट प्लास्टिक मैटेरियल से ऐतिहासिक धरोहर की कलाकृतियां बनाई जा रही हैं। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के इन प्रयासों की शहरवासियों द्वारा खूब प्रशंसा की जा रही है। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर कूड़ाघर विलोपित कर देश की ऐतिहासिक स्थानों की सुंदर कलाकृति बनाकर सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया। प्लास्टिक वेस्ट से तैयार इस कलाकृति की लंबाई 35 फीट तथा 7 फीट ऊंचे बोर्ड पर बनाई गई है, जो कि शहर की शोभा को बढ़ाकर वहां से प्रतिदिन गुजरने वाले नागरिकों का मन भी मोह रही है। रात के समय यह और आकर्षक दिखता है। शहर के प्रमुख स्थलों पर इस तरह की ऐतिहासिक मूल्यों की कलाकृतियां लगाई जाएगी।

शहर को गंदगी मुक्त बनाने के साथ शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने पर नगर निगम प्रयासरत है। सड़कों से कूड़ा खत्म करने के लिए विलोपित कूड़ा घर बनाये जा रहे हैं। प्लास्टिक वेस्ट गंदगी फैलाने के साथ प्रदूषण भी फैलाता है। समस्या से निपटने के लिए वेस्ट प्लास्टिक का उपयोग कर ऐतिहासिक धरोहर की कलाकृतियां बनाकर उससे सौदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम के इस प्रयास से जहां शहर सुंदर दिखेगा वही लोगों को ऐतिहासिक धरोहर की भी जानकारी मिलेंगी।
महेंद्र सिंह तंवर
म्युनिसिपल कमिश्नर
गाजियाबाद।