कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य विभाग सर्तक, वैक्सीनेशन बढ़ाने पर दे रहा जोर

– सोमवार से शुरू होगा महिला स्पेशल और नियर होम वैक्सीनेशन सेंटर्स

– बुजुर्गों-दिव्यागों के लिए अलग से वैक्सीनेशन सेंटर बनाने की है योजना

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के चलते वैक्सीनेशन की गति को बढाने के साथ-साथ वैक्सीनेशन को लेकर सर्तकता भी बढ़ा दी गई है। वैक्सीनेशन बढ़े इसके लिए अब निजी अस्पतालों को फिर से टीकाकरण अनुमति दी जा रही है। फिलहाल जिले में चार अस्पतालों को इसके लिए मंजूरी दी गई है। इसके अलावा महिला स्पेशल और नियर होम वैक्सीन सेंटर बनाए जा रहे हैं। जहां रोजाना लगभग 1 हजार लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। अब घरेलू सहायिका, खोखा-पटरी वाले, रिक्शा वाले, मजदूर, दिव्यांग और बुजुर्गों आदि को भी वैक्सीन लगाने के लिए दो स्पेशल बूथ बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें महिला स्पेशल बूथ पर 18 से वर्ष से अधिक आयु वाली महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा, लेकिन उन्हें स्लॉट लेना जरूरी होगा। जिले में दो महिला स्पेशल बूथ बनाए जाएंगे। सभी वैक्सीनेशन सेंटर पर सैनीटाइजेशन एवं स्वच्छता के साथ इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि वैक्सीन लगाने आने वाले लोगों को कोई परेशानी ना हो। फ्रंट लाइन वर्कर एवं निगम कर्मचारियों के लिए नवयुग मार्केट स्थित निगम मुख्यालय में वैक्सीन लगाये जा रहे हैं। जिला महिला अस्पताल में लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। महिला अस्पताल में डिलवरी के लिए आने वाली महिलाओं के तीमारदारों को भी वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नगर निगम मुख्यालय स्थित वैक्सीनेशन सेंटर में रजिस्ट्रेशन चेक करते निगम कर्मचारी अंकित एवं दीपक।

जिले में अब तक लगभग 6 लाख लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 13.63 फीसद पुरुष और 11.59 महिलाओं को टीका लगा है। 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के तहत मई के अंत तक 5,93,695 लोगों ने वैक्सीन लगवाई थी। इनमें 3,39,353 पुरुष एवं 2,54,342 महिलाएं हैं। युवाओं में भी पुरुषों की संख्या अधिक है। टीका लगवाने वाले बुजुर्ग एवं 45 साल से ऊपर वालों में भी पुरुषों की संख्या अधिक है। पहली एवं दूसरी लहर की रिपोर्ट के अनुसार कोरोना का असर भी पुरुषों पर अधिक रहा है। मरने वालों में भी पुरुषों की संख्या अधिक है।

महिला अस्पताल में लगाई जा रही कोरोना की वैक्सीन।

इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है। 18 से 44 साल की उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिए अभिभावकों, कर्मचारियों व शिक्षकों के लिए अलग-अलग बूथ लगाए जा जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न आरडब्ल्यूए के सहयोग से घरेलू सहायिकाओं के लिए भी स्पेशल बूथ लगाए जा जाएंगे। इन बूथों पर आॅन स्पॉट रजिस्ट्रेशन के बाद मेड को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए आरडब्ल्यूए से सोसाइटी में आने वाली मेड की लिस्ट मांगी जाएगी और लिस्ट के आधार पर वैक्सीनेशन किया जाएगा। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए नियर होम वैक्सीनेशन बूथ बनाए जाएंगे।

बनेंगे महिला स्पेशल बूथ
नियर होम बूथ पर ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा होगी। इन बूथों पर बुजुर्ग और दिव्यांग टीकाकरण करवा सकेंगे। स्फिलहाल जिले में संचालित 10 बूथों को नियर होम बूथ में तबदील कर दिया गया है। इनमें लोनी, मुरादनगर में 2-2 बूथ और भोजपुर, डासना में 3-3 बूथ हैं। महिला स्पेशल बूथ सोमवार से शुरू किए जाएंगे। इनमें एक बूथ टीएचए में और एक बूथ सिटी क्षेत्र में बनाया जाएगा। इन बूथों पर केवल महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा और प्रीरजिस्ट्रेशन जरूरी होगा।
डॉ. एनके गुप्ता
चीफ मेडिकल आॅफिसर
गाजियाबाद

वैक्सीनेशन को लेकर बरती जा रही पूरी सर्तकता
वैक्सीनेशन के दौरान पूरी सर्तकता बरती जाती है। सेंटर पर दो सेशन रन कर रहे हैं। 18 प्लस लोग सॉल्ट बुक करके आते हैं लेकिन 45 प्लस के लोगों के लिए ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराके वैक्सीनेशन लेने की भी सुविधा उपलब्ध है। सेंटर पर लोगों की सुविधाओं और हाइजेनिक कंडीशन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रजिस्ट्रेशन वैरीफिकेशन के बाद ही वैक्सीनेशन लगाया जाता है। वैक्सीनेशन सेंटर पर कोविड प्रोटोकाल का पालन किया जाता है और वैक्सीन लगवाने वालों को भी कोविड प्रोटोकाल के पालन को लेकर विशेष हिदायत दी जाती है। वैक्सीनेशन सेंटर पर जीरों वेस्टेज की नीति का पालन किया जाता है।
डॉ. पवन
सीनियर मेडिकल ऑफिसर एवं वैक्सीनेशन के नोडल प्रभारी
जिला महिला अस्पताल

गाजियाबाद की आबादी का विवरण (2011 की जनगणना के अनुसार)

गाजियाबाद जिले की कुल आबादी – 46,81,645

जिले की कुल ग्रामीण आबादी – 15,19,098

जिले की कुल नगरीय आबादी- 31,62,547

जिले में कुल पुरुषों की संख्या- 24,88,834

जिले में कुल महिलाओं की संख्या- 21,92,811

गाजियाबाद में टीकाकरण की स्थिति

– 25,679 स्वास्थ्यकर्मियों को लगी पहली डोज

– 16,098 स्वास्थ्यकर्मियों को लगी दूसरी डोज

– 21,098 फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगी पहली डोज

– 11,267 फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगी दूसरी डोज

– 3,82,604 विभिन्न आयु के लोगों को लगी पहली डोज

– 85,738 विभिन्न आयु के लोगों को लगी दूसरी डोज

– 1,15,218 युवाओं को लगी पहली डोज

विगत कुछ दिनों में हुए टीकाकरण का विवरण

तिथि     बुजुर्ग   45 प्लस  18 प्लस

22 मई  877    2,752      5,585

24 मई 1,267  3,819     7,240

25 मई  894    2,277    9,058

26 मई 451    1,578    9,832

27 मई 839   2,439   11,796

28 मई 901   2,628   12,414

29 मई 835   2,530   10,491

31 मई 1,043  3,098    6,171

——-