भारत ने जांच कर चीनी सैनिक को लौटाया

लद्दाख में पकड़ा गया था पीएलए जवान

नई दिल्ली। भारत ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिक को चीन को वापस लौटा दिया है। यह सैनिक भारतीय सीमा में घुस आया था। लद्दाख में सीमा के पास से सैनिक को पकड़ा गया था। बाद में चीनी सैनिक से नियमानुसार सघन पूछताछ की गई। भारतीय सेना ने चीन के सैनिक को सोमवार को चुशुल मोलडो बॉर्डर प्वाइंट पर पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के हवाले कर दिया। यह सैनिक पेंगोंग झील के दक्षिण में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को क्रॉस कर भारतीय सीमा में घुस गया था। वहां पर तैनात भारतीय जवानों ने इस चीनी सैनिक को दबोच लिया था। चीनी सैनिक के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई। जिन परिस्थितियों में चीनी सैनिक एलएसी क्रॉस कर भारतीय सीमा में पहुंचा, इसकी भी जांच की गई। वहीं, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिक के भारतीय सीमा में घुसने पर चीन ने सफाई दी कि उसका जवान अंधेरे में भटक कर भारतीय क्षेत्र में दाखि़ल हो गया था। चीन ने भारत से अपने सैनिक को लौटाने का अनुरोध किया था। इसके बाद भारत ने सोमवार को चीन के सैनिक को पीएलए के हवाले कर दिया। सालभर के भीतर यह दूसरा मामला है, जब चीनी सैनिक भटक कर भारतीय क्षेत्र में घुस आए। बाद में भारतीय सेना ने उसे चीनी सेना को वापस कर दिया। इससे पहले भारतीय सेना ने पिछले वर्ष अक्तूबर माह में पूर्वी लद्दाख के चुमार-डेमचोक क्षेत्र में पीएलए के एक सैनिक को पकड़ा था। चीनी सैनिक वांग या लोंग भटक कर भारतीय सीमा में घुस आया था। बाद में उसे चीन के सुपुर्द कर दिया गया था। बता दें कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर कफी समय भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने हैं। इसके चलते वहां तनावपूर्ण हालात हैं। सरहद पर जानलेवा ठंड के बावजूद दिन-रात सैनिकों द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।