अमेरिका में आज से जो बाइडेन की सरकार

शपथ ग्रहण से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

वॉशिंगटन। अमेरिका को आज नए राष्ट्रपति मिल जाएंगे। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जो बाइडेन अगले राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर सर्वाधिक जोर है। वॉशिंगटन डीसी में सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद किए गए हैं। किसी भी स्थिति से निपटने को सुरक्षा बल मुस्तैद हैं। अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन आज से अपना पद संभाल लेंगे। शपथ ग्रहण के बाद बाइडेन के हाथ में अमेरिका की कमान आ जाएगी। शपथ ग्रहण से पहले सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं। कुछ दिन पहले डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने कैपिटल हिल में हिंसा की थी। इसके मद्देनजर ज्यादा सतर्कता बरती गई है। कानून प्रवर्तन अधिकारियों को न सिर्फ संभावित बाहरी खतरे का मुकाबला करना पड़ रहा है, बल्कि उनकी चिंता है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहा कोई कर्मचारी भी ड्यूटी के दरम्यान हमला कर सकता है। राष्ट्रीय राजधानी में लॉकडाउन जैसी हालत है। 25 हजार से ज्यादा सैनिक और पुलिस कर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया है। सड़कों पर टैंक और कंक्रीट के अवरोधक लगाए गए हैं। राष्ट्रीय स्मारक को बंद कर दिया गया है। अमेरिकी संसद परिसर की घेराबंदी की गई। प्रत्येक मार्ग पर जांच चौकी बनाई गई है। सीक्रेट सर्विस के अफसरों ने कहा कि वह किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार हैं। अधिकारी घोर दक्षिणपंथी और मिलिशिया समूह के सदस्यों की निगरानी कर रहे हैं। उनकी चिंता ऐसे सभावित समूहों के सदस्यों द्वारा वॉशिंगटन में आकर हिंसक संघर्ष भड़काने को लेकर है। बता दें कि नए राष्ट्रपति जो बाइडेन के शपथ लेने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने अपने विदाई समारोह में कैपिटल हिल हिंसा की निंदा करने के अलावा चीन को खरी-खोटी सुनाई है। भारत को चीन और रूस से सतर्क रहने की अपील की गई है।