महाराष्ट्र : भाजपा छोड़ेंगे पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे

एनसीपी में होंगे शामिल, कृषि मंत्री बनने की चर्चा

मुंबई। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई में सब-कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। भाजपा के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है। पूर्व राजस्व मंत्री एकनाथ खडसे कमल का साथ छोडऩे को तैयार हैं। वह एनसीसी के साथ नई राजनीतिक पारी शुरू करेंगे। उद्धव ठाकरे सरकार में खडसे को कृषि मंत्री की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चाएं हैं। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने कहा है कि एकनाथ खडसे शुक्रवार को एनसीपी ज्वाइन करेंगे। एनसीपी प्रमुख शरद पवार की मौजूदगी में वह भाजपा को छोड़कर एनसीपी में शामिल हो जाएंगे। पाटिल का दावा है कि खडसे ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। खडसे के गृहक्षेत्र जलगांव-मुक्ताईनगर में भी इन दिनों नजारा बदला नजर आ रहा है। समर्थकों ने खडसे के बड़े-बड़े बैनर लगा दिए हैं। सूत्रों का कहना है कि एकनाथ खडसे लंबे समय से भाजपा में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। वरिष्ठ नेता गोपीनाथ मुंडे की मौत के बाद खडसे को महाराष्ट्र में भाजपा का ओबीसी का सबसे बड़ा चेहरा माना जाता है। विधान सभा चुनाव-2019 में भाजपा ने खडसे की उपेक्षा की थी। उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। इसके बाद खडसे ने देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ मोर्चाबंदी की थी। उधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि एकनाथ खडसे यदि भाजपा को छोड़कर महाविकास आघाड़ी में शामिल होते हैं तो उनका स्वागत है। चर्चा है कि खडसे को उद्धव ठाकरे सरकार में कृषि मंत्री का दायित्व सौंपा जा सकता है। कृषि मंत्री का पद फिलहाल शिवसेना के पास है। चर्चा है कि खडसे के साथ कुछ समर्थक विधायक भी भाजपा को अलविदा कर एनसीपी का दामन थाम सकते हैं। 2015 में भ्रष्टाचार में घिरने के बाद एकनाथ खडसे को फडवीस सरकार में मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था। उधर, इस मामले में अभी भाजपा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।