लाइट विभाग मैन पावर सप्लायर कंपनी के खिलाफ मेयर ने मंडलायुक्त को लिखा पत्र

– मेयर का आरोप मैसर्स नवीन सिक्योरिटी फोर्स ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर नगर निगम में टेंडर हासिल किया

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम के प्रकाश विभाग में आउटसोर्स कर्मचारियों की जैम पोर्टल से आपूर्ति में गड़बड़ी की शिकायत करते हुए मेयर सुनीता दयाल ने मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. और म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक को पत्र भेजा है। मेयर ने पत्र में कहा है कि जैम पोर्टल से प्रकाश विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी की आपूर्ति के लिए की गई निविदा में कई प्रकार की अनियमितता बरती गई। मेयर ने आरोप लगाते हुए कहा कि फर्म मैसर्स नवीन सिक्योरिटी फोर्स हापुड़ को दिए गए कार्यादेश व अनुबंध निरस्त कर दिए गए हैं।

मैसर्स नवीन सिक्योरिटी फोर्स पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर नगर निगम से ठेका लेने के संबंध में कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। पूर्व में मैसर्स नवीन सिक्योरिटी फोर्स के कर्मचारियों की उक्त फर्म के दस्तावेजों की जांच कराई गई थी। जांच के उपरांत दस्तावेज असत्य और फर्जी पाए गए थे। मेयर का आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारियों ने अपनी विफलता को छुपाने के लिए यह कूटरचित कार्य किया है। मेयर ने आरोप लगाया कि इस तरह के दस्तावेज निविदा में प्रस्तुत कर फर्म कार्य प्राप्त कर लेती है और निगम अधिकारी उनके दस्तावेजों की जांच नहीं करते हैं। ऐसे में उनकी क्षमता व कार्यनिष्ठा संदिग्ध हैं। इससे प्रतीत होता है कि नगर निगम के अधिकारियों द्वारा जिस फर्म को कार्य दिया जाता है। उसके दस्तावेजों की गहनता से जांच नहीं की जाती है।

अगर जांच होती भी है तो लीपापोती होती है तथा विश्वसनीय नहीं होती। इस प्रकार नगर निगम की कार्य प्रणाली व अधिकारियों की पारदर्शिता व सुचिता पर संकट पैदा हो गया है। उन्होंने पत्र में मंडलायुक्त व म्युनिसिपल कमिश्नर से सभी परिस्थितियों को पुन: अवलोकन कर प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की है। इसके साथ ही कार्यादेश जारी करने से पूर्ण सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित किया जाए कि संबंधित फर्म के सभी दस्तावेज सत्य हैं और उक्त फर्म के विरुद्ध कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए।
फोटो न: 9