एस.डी.जी.आई. ग्लोबल यूनिवर्सिटी में मनाया गया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

-विज्ञान के महत्व को पहचानने और भावी पीढिय़ों को विज्ञान अपनाने का दिन है: प्रो डॉ आरके शर्मा

गाजियाबाद। हापुड़ रोड़ स्थित एस.डी.जी.आई. ग्लोबल यूनिवर्सिटी में बुधवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो डॉ आरके शर्मा (पूर्व प्रो-चांसलर एस.जी.टी. विश्वविद्यालय गुरूग्राम, हरियाणा) ने मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। एस.डी.जी.आई. ग्लोबल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो डॉ शक्ति कुमार एवं रजिस्ट्रार पीयूष श्रीवास्तव (रिटायर्ड आईजी) द्वारा मुख्य अतिथि प्रो डॉ आरके शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर कार्यक्रम में स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि प्रो डॉ आरके शर्मा ने कहा हमारे जीवन में विज्ञान के महत्व को पहचानने और भावी पीढिय़ों को विज्ञान अपनाने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करने का दिन है। उन्होंने कहा कि दरअसल विज्ञान और प्रौद्योगिकी का मूलभूत सिद्धान्त समस्यामूलक तकनीकी का विकास और उपयोग करना है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति आकर्षित व प्रेरित करने के साथ-साथ जनसाधारण को विज्ञान एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों के प्रति सजग बनाना है।

चेयरमैन महेन्द्र अग्रवाल ने बताया भारत में प्रति वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारतीय भौतिक शास्त्री सर चंद्रशेखर वेंकट रमन (सीवी रमन) द्वारा रमन प्रभाव की खोज के स्मरण में मनाया जाता है। यह अवसर हमारे वैज्ञानिक समुदाय के योगदानों की सराहना करने और देश के विकास में उनके योगदान के विषय में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए भी एक मंच के रूप में कार्य करता है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं विद्यार्थियों एक मंच तो मिलता ही है और साथ ही उनको नया सीखने को भी मिलता है। वाइस चांसलर प्रो डॉ शक्ति कुमार ने कहा विद्यार्थी विज्ञान की पढाई व शोध करके देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस भारत में वैज्ञानिकों द्वारा की गई शोध और उनका प्रयोग आम आदमी के दैनिक जीवन पर होने वाले सकारात्मक प्रभावों व प्रयासों को उजागर करने के लिए मनाया जाता है। इन शोध का महत्व विद्यार्थियों में साइंस के प्रति रुझान पैदा करने के लिए प्रति वर्ष देश भर में मनाया जाता है।

इस कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रेजेंटेशन एवं मॉडल प्रतियोगिता मे बढ़चढ़ कर भाग लिया। पोस्टर एवं मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र- छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यूनिवर्सिटी के पदाधिकारी द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि प्रो डॉ आरके शर्मा ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एसजीयू की प्रतिबद्धता की सरहाना की। इस दौरान यूनिवर्सिटी के चेयरमैन महेन्द्र अग्रवाल, वाइस चेयरमैन अखिल अग्रवाल, चांसलर प्रो डॉ आरके खंडाल, वाइस चासंलर प्रो डॉ शक्ति कुमार, रजिस्ट्रार पीयूष श्रीवास्तव एवं सभी डायरेक्टर, डीन, एचओडी अध्यापकों ने यूनिर्सिटी के सभी छात्र छात्राओं को विज्ञान दिवस की शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना दी।