तेंदुए पर सस्पेंस, ड्रोन के जरिए सर्च ऑपरेशन

दिल्ली, मेरठ व नोएडा की टीमें भी मैदान में उतरीं

गाजियाबाद। शहर की पॉश कॉलोनी राजनगर में तेंदुए का खौफ बरकरार है। वन विभाग के सर्च ऑपरेशन के बावजूद अब तक तेंदुआ नहीं मिल पाया है। तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए अब नोएडा से वन विभाग की ड्रोन टीम को बुलाया गया है। इसके अलावा मेरठ और दिल्ली की टीमें भी सर्च ऑपरेशन का हिस्सा हैं। तेंदुए पर कायम सस्पेंस खत्म न होने से नागरिकों की बेचैनी बढ़ी हुई है। कविनगर थानांतर्गत राजकुंज (राजनगर) में 24 नवम्बर की सुबह तेंदुए को देखा गया था। सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ सड़क पर टहलता नजर आया था। इस खबर के बाद से राजनगर व कविनगर सहित आस-पास की कॉलोनियों में एकाएक सनसनी फैल गई थी। वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद अभी तक तेंदुए को ढूंढ़ा नहीं जा सका है। तेंदुए की खोजबीन के लिए अब ड्रोन कैमरे का भी सहारा लिया गया है। नोएडा वन विभाग की ड्रोन टीम वीरवार को इंग्राहम इंस्टीटयूट में पहुंची। इस दरम्यान आस-पास फैले घने जंगल में ड्रोन से तेंदुए को सर्च किया गया। वन विभाग को आशंका है कि राजकुंज से इंग्राहम परिसर में घुसा तेंदुआ बाहर नहीं निकला है। कहीं छुप गया है। वन विभाग द्वारा अल्ट सेंटर, कमला नेहरू नगर, रईसपुर के जंगल और कलाधाम की तरफ भी ड्रोन से सर्च किया जाएगा। तेंदुए की धरपकड़ के लिए 3 पिंजरे भी इंग्राहम इंस्टीटयूट परिसर में लगाए गए हैं। सामाजिक वानिकी प्रभाग की निदेशक दीक्षा भंडारी के नेतृत्व में बुधवार की रात सर्च आपरेशन चलाया गया। दीक्षा भंडारी के मुताबिक ड्रोन के जरिए तेंदुए को सर्च किया जा रहा है। इंग्राहम इंस्टीटयूट परिसर के बाद आस-पास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। इसके अलावा मेरठ और दिल्ली से आई टीमों ने भी सर्च ऑपरेशन में हिस्सा लिया। वन विभाग को उम्मीद है कि तेंदुआ जल्द पकड़ में आ जाएगा। वन विभाग ने आस-पास के नागरिकों से सतर्क रहने की पुन: अपील की है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इंग्राहम इंस्टीट्यूट के पास जंगल में तेंदुआ कहीं जाकर छिप गया है। रात में खाने की तलाश में वह बाहर आ सकता है।