पाई-पाई को मोहताज हुआ विजय माल्या

वकील को फीस देने के लिए भी पैसे नहीं

नई दिल्ली। भारत के भगोड़े नामचीन कारोबारी विजय माल्या के सितारे गर्दिश में चल रहे हैं। अरबपति माल्या आजकल पाई-पाई को मोहताज है। इस कारोबारी के पास केस लड़ने के लिए वकील को फीस देने तक के पैसे नहीं हैं। ऐसे में माल्या ने अदालत से गुहार लगाई है। उसे जल्द 14 करोड़ रुपए मिलने की उम्मीद है। भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने लंदन में शरण ले रखी है। माल्या को भारत लाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उस पर कुछ बैंकों का कई हजार करोड़ रुपए का ऋण बकाया है। लंदन में इस अरबपति कारोबारी की माली हालत बद से बदतर हो गई है। उसके पास अब वकील को फीस देने के लिए भी पैसे नहीं हैं। माल्या को भारत की जांच एजेंसियों की सख्ती का सामना करना पड़ रहा है। विजय माल्या ने लंदन हाईकोर्ट से अपनी फ्रांस की संपत्ति बेचने से मिली रकम में से 14 करोड़ रुपए रिलीज करने की गुहार लगाई है। लंदन में माल्या का केस लड़ रहे वकील ने साफ कह दिया है कि यदि उसे जल्द फीस न मिली तो वह अगली सुनवाई से केस लड़ऩा बंद कर देगा। लंदन की अदालत ने अभी विजय माल्या की संपत्तियों को अपनी निगरानी में रखा है। माल्या इन संपत्तियों को बेच नहीं सकता है। इन संपत्तियों की एवज में कर्ज लेने की भी छूट नहीं है। माल्या की खराब माली हालत को देखकर लंदन की अदालत ने रहम दिखाया है। कोर्ट विजय माल्या के मुकदमे की फीस भरने को 39 लाख रुपए रिलीज करने पर तैयार हो गया है, मगर कोर्ट ने उसके निजी खर्चों के लिए एक पैसा भी जारी नहीं किया है। इस मामले की अगली सुनवाई अब शुक्रवार को होनी है। कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ लंदन के अलावा भारत में भी कई मुकदमे चल रहे हैं। इन मुकदमों में माल्या को मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। भारत की एजेंसियां विजय माल्या के प्रत्यर्पण के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं।