नए साल में मिलेगी हाई लेवल इंटीग्रेटेड-311ऐप की सौगात: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहरवासियों की समस्याओं को दर्ज करने एवं समाधान करने के लिए नए साल-2024 में हाई लेवल इंटीग्रेटेड-311 ऐप की सौगात देगा। नगर आयुक्त विक्रमात्यि सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम द्वारा गाजियाबाद-311 ऐप को अधिकारियों एवं शहरवासियों की सुविधा के लिए लाने की तैयारी जारी है। इसके लागू होने के बाद शहरवासियों की समस्याओं के समाधान में सरलता रहेगी। वहीं, नगर निगम के अधिकारियों को भी समन्वय करने में आसानी रहेगी। नगर आयुक्त ने बताया कि बगैर किसी खर्च के जनहित में  गाजियाबाद-311 ऐप का कार्य चल रहा है। नए साल की शुरुआत में इसको लॉन्च किया जाएगा। इसका नाम भी परिवर्तन हो सकता है,इस ऐप को सीएसआर फंड से एचडीएफसी बैंक द्वारा बनवाया जा रहा है। ऐप में प्रत्येक विभाग से संबंधित  समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की गई है।

ताकि लोगों को नगर निगम कार्यालय में ना आना पड़े। उनकी समस्याओं का तत्काल अवगत कराते हुए समाधान प्राप्त किया जा सकता है।इस ऐप से लगभग 48 प्रकार की शिकायतों को जोड़ा गया है।यह जनप्रतिनिधि,पार्षदों के लिए भी काफी सुविधाजनक रहेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि गाजियाबाद-311 ऐप के माध्यम से नगर निगम के सभी कर्मचारियों की उपस्थिति भी दर्ज होगी। इसमें निगम अधिकारियों से लेकर सफाई कर्मचारी अपनी लोकेशन से ही अपनी हाजिरी लगा सकेंगे।इसकी जानकारी सभी को ऐप के माध्यम से रहेगी। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित स्वच्छता जन जागृति कार्यक्रम में इसका प्रेजेंटेशन भी दिया गया।

इसके माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,म्यूटेशन,हाउस टैक्स का सेल्फ  एसेसमेंट में अन्य कार्य सरलता से किया जा सकेंगे। इसके जरिए शहरवासी स्वयं प्रयोग कर सकते हैं। ऐप के माध्यम से नगर निगम की लोकेशन के बारे में भी जानकारी रहेगी। जिसमें आसपास के शौचालय, सामुदायिक केंद्र, पार्क, जोनल कार्यालय व अन्य स्थानों की जानकारी भी रहेगी। महापौर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नई-नई योजनाओं पर निगम द्वारा कार्य किया जा रहा है। गाजियाबाद-311 ऐप हाई लेवल इंटीग्रेटेड होगा। इसे नगर निगम से संबंधित जानकारी के आदान-प्रदान एवं मॉनिटरिंग के लिए बनाया गया है।