दुनिया की कंपनियों की भारत पर नजर : मोदी

नेशनल एटॉमिक टाइमस्केल का लोकार्पण

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया की नामचीन कंपनियां भारत का रूख कर रही हैं। यह कंपनियां भारत में रिसर्च सेंटर और फैसिलिटीज स्थापित कर रही हैं। यह बेहद प्रसन्नता का विषय है। पिछले कुछ साल में इन फैसिलिटीज की संख्या में वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नेशनल एटॉमिक टाइम स्केल और भारतीय निर्देशक द्रव्य का लोकार्पण किया। इसके अलावा नेशनल एनवायरमेंटल स्टैंडर्ड लैबोरेट्री की नींव रखी। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नेशनल मेट्रोलॉजी कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कर्मण्येवाधिकारस्ते का मंत्र वैज्ञानिकों ने खुद के जीवन में साकार किया है। भारतीय वैज्ञानिक 130 करोड़ नागरिकों की उम्मीदों की पूर्ति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक नवाचार सूचकांक के टॉप 50 देशों में सम्मिलित हो गया है। बौद्धिक संपदा का संरक्षण कैसे हो, युवाओं को यह भी सिखाना है। उन्होंने ड्रोन का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि ड्रोन पहले युद्ध के लिए बनाए गए थे। आज ड्रोन का विविध क्षेत्रों में व्यापक इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवा वैज्ञानिकों को शोध परिणाम के अलावा उसके अन्य उपायों की संभावनाएं भी खोजनी चाहिए। किसी भी प्रगतिशील समाज में अनुसंधान हमारे ज्ञान और समझ को विस्तार देने में मदद प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया के उन देशों में है जिनके पास अपने नेविगेशन सिस्टम हैं। आज इसी तरफ एक और कदम बढ़ा है। भारतीय निर्देशक उद्योग जगत को क्वालिटी प्रोडक्ट्स बनाने हेतु प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि भारत में तैयार उत्पादों की गुणवत्ता श्रेष्ठ हो, यह सुनिश्चित करना होगा। इन उत्पादों की वैश्विक स्वीकार्यता हो, इसका भी ध्यान रखना होगा। इन नए मानकों से देशभर के लोकल उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।