आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की संकल्पना को साकार करने में भाजपा संकल्पित: अतुल गर्ग

महिलाएं अर्थव्यवस्था एवं भारत निर्माण में दे रही अपना अहम योगदान

गाजियाबाद। लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में रविवार को उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण उप्र अतुल गर्ग, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। जहां गंगा, यमुना और सरस्वती का पवित्र संगम है। जहां प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर है। उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल से अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया है।

जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अनिल अग्रवाल सांसद राज्यसभा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम और लीलाधर श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि का प्रदेश भारत का हृदय प्रदेश है और भारतीय संस्कृति का उद्गम स्थल है। उन्होंने कहा कि हम सभी आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की संकल्पना को साकार करने हेतु संकल्पित हों। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं।

जिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि हम सबको आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की संरचना करनी होगी। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं अर्थव्यवस्था एवं भारत निर्माण में अपना अहम योगदान दे रही हैं।

इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल सिद्धार्थ विहार एवं साहिबाबाद के बच्चों ने शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति की। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी गई। छात्रा अक्षा, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस ललित जायसवाल एवं बेसिक शिक्षा विभाग की पूनम शर्मा को जनपद गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।

महिला कल्याण विभाग द्वारा शत प्रतिशत बालिकाओं के नामांकन हेतु प्राथमिक उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को चेक प्रदान किए गए। कौशल विकास केंद्र द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 78 लाख दस हजार का चेक कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड के अंतर्गत दिया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित, जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र सिंह, डीसी एनआरएलएम सुधा, डीपीओ विकास चंद्र आदि मौजूद रहे।