गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व को लेकर निकाला नगर कीर्तन, गुंजायमान हुआ माहौल

 

गाजियाबाद। सिखों के गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में गुरुवाणी गायन और जो बोले सो निहाल, सतनाम वाहे गुरु के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। संगत ने फूलों से सजी पालकी में विराजमान गुरु महाराज को माथा टेक आशीर्वाद लिया।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आढ़त बाजार के तत्वावधान में रविवार को बजरिया के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में अरदास के बाद सुबह पंज प्यारों की अगुआई में नगर कीर्तन घंटाघर गिरजा घर होते हुए हापुड रोड तिराहा गुरुद्वारा से चलकर जगदीश नगर गुरुद्वारा, जीडीए गेट से निकलते हुए बस अड्डे पुल के नीचे से अंबेडकर रोड फिर अंबेडकर रोड पर आशीर्वाद बैक्वट हॉल के बराबर से निकलता हुआ गांधी नगर गुरुद्वारा पर समापन हुआ।

संगत ने गुरु गोविंद सिंह का गुणगान किया। नगर कीर्तन में बैंड की धुtनों पर सुंदर पोशाक में सजे बेबे नानकी सेवक जत्थे के बच्चों ने शबद गायन किया। नगर कीर्तन को बजरिया के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से धर्म गुरूओं श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमंहत नारायण गिरि, फादर सुनील, नायब शहर काजी मुफती जमीर अहमद, महानगर मोहर्रम भाईचारा कमेटी के अध्यक्ष चमन, पूर्व शहर काजी डॉ के जेड बुखारी ने शांति के दूत कबूतरों को उड़ाकर रवाना किया। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खावरी, पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नसीमुददीन सिददीकी, महानगर अध्यक्ष लोकेश चैधरी, महानगर प्रभारी कामेश रतन व पूर्व मंत्री बलदेव राज शर्मा मौजूद रहे।

गुरुद्वारा सिंह सभा के चेयरमैन सरदार हरमीत सिंह, प्रधान इंदरजीत सिंह टीटू, महासचिव एसपी सिंह ओबेरॉय ने सभी अतिथियों, सरदार जोगेंद्र सिंह, सरदार एसपी सिंह, आलोक गर्ग आदि का सरोपा भेंटकर सम्मान किया। नगर कीर्तन बजरिया के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से श्री गुरू ग्रंथ साहिब की छत्रछाया व पंच प्यारों की अगुवाई में शुरू हुआ और शहर के प्रमुख मार्गो से होकर निकला। जगह-जगह उसका शहर के लोगों ने स्वागत किया।

नगर कीर्तन में सभी गुरूद्वारों के कीर्तनी जत्थे शामिल हुए, जिन्होंने गुरू महिमा का बखान किया। नगर कीर्तन का आकर्षण गतका पार्टी के करतब रहे। गतका पार्टी जिधर भी जाती, उसके करतब देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कीर्तन में गुरू गोविंद सिंह के जीवन से सम्बंधित कई झांकियां शामिल थी। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने स्टॉल लगाकर प्रसाद का वितरण भी किया।