जिलाधिकारी ने की 29 बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था

श्मशान घाट हादसे के पीड़ित परिवारों को मदद

गाजियाबाद। मुरादनगर में श्मशान घाट हादसा के पीड़ित परिवारों को एक और राहत मिल गई है। इन परिवारों के 29 बच्चों की आगामी शिक्षा व्यवस्था निशुल्क होगी। जिला प्रशासन की अपील पर कुछ शिक्षण संस्थानों ने इन बच्चों की 12वीं तक की पढ़ाई का दायित्व उठाया है। इस बावत संबंधित परिवारों को आज प्रमण पत्र भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करने के आदेश दे रखे हैं। इसके चलते जिला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।

जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पीड़ित परिवारों के पास भेजा गया।  दोनों अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से उनके बच्चों की आगामी शिक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी एकत्र कर सूची तैयार की। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिपोर्ट के आधार पर कुल 31 में से 29 बच्चों की शिक्षा व्यवस्था नि:शुल्क कराना अपेक्षित पाई गई। इन बच्चों हेतु कक्षा-1 से 12 तक की शिक्षा निशुल्क उपलब्ध होगी।

कुछ शिक्षण संस्थानों ने यह जिम्मेदारी संभालने का भरोसा दिया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने आज स्थानीय विधायक अजीत पाल त्यागी के साथ संयुक्त रूप से सभी 29 बच्चों को स्कूल प्रबंधन द्वारा जारी नि:शुल्क शिक्षा व्यवस्था संबंधी प्रमाण पत्र वितरित किए। नारी कल्याण स्कूल, मुरादनगर पब्लिक स्कूल, नाईट एंजिल पब्लिक स्कूल, द्रोण पब्लिक स्कूल, जीनियस पब्लिक स्कूल, बी.के.डी. इंटर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज, जवाहर लाल कन्या इंटर कॉलेज ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मुरादनगर में इन बच्चों की पढ़ाई जारी रहेगी। जिलाधिकारी का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी पीड़ित परिवारों को राहत मुहैया कराने की दिशा में हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों के लिए आगे भी जो बेहतर हो सकेगा, वह किया जाएगा। प्रशासन की तरफ से इन परिवारों के हित में भरसक कदम उठाए जाएंगे।