भारत माता की जय के नारों से गूंजा कौशांबी

– देश की नई पीढ़ी आजादी के संघर्ष और लोकतंत्र के महत्व से है वंचित: मनोज गोयल

गाजियाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान कौशांबी में रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में लोगों ने पैदल और दुपहिया वाहनों पर गली-गली घूम कर भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा में भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल रहे। मनोज गोयल ने कहा पूरे देश में आजादी का महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके पीछे कारण यही है कि इस दौरान भारत को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली थी। देश को स्वतंत्र करने के लिए जिन राष्ट्र सपूतों ने बलिदान दिया तथा विशेष कष्ट सहे। उन्हें आज की इस पीढ़ी को याद दिलाने की जरूरत है। आज आजादी के 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। ऐसे में आजादी के अमृत महोत्सव के माध्यम से सभी लोगों को स्वतंत्रता और लोकतंत्र के सही मायने बताने बहुत जरूरी है।

देश की नई पीढ़ी आजादी के संघर्ष और लोकतंत्र के महत्व को बेहतर ढंग से नहीं जानती हैं। कई विचारधाराओं में बंटी यह पीढ़ी गुमराही के एक चौराहे पर खड़ी है। ऐसे में उसे अपने देश के इतिहास और वर्तमान से जोडऩा अति आवश्यक है। इस मौके पर कार्यक्रम के संयोजक कौशांबी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय महेश्वरी, समाजसेवी आलोक कुमार, सौरभ गुप्ता, राज लानी, वेदांता, शिशिर परितोष, परिवेश, गुलशन सदाना, जवाहर गुप्ता, संजय शर्मा, अमित झा, सुदेश अग्रवाल, बृजमोहन पटेल, सूरज, पूजा मेहरा, सुरेंदर, अनिल शर्मा, आशीष मेहरा, हरी सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।