आरडीसी में 59 लाख में क्योस्क की नीलामी

खान-पान के लिए तैयार किए गये नये क्योस्क

गाजियाबाद। राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) में तैयार नए क्योस्क का शुक्रवार को आवंटन कर दिया गया। दुबई मॉल के सामने जीडीए ने 10 नए क्योस्क बनाए है। बोलीदाता रविन्द्र झा ने सर्वाधिक 59 लाख की बोली लगाकर तीन साल के लिए इन क्योस्क को लिया है। रविन्द्र को इसके लिए लाइसेंस दे दिया गया है। बोलीदाता को यह रकम 18 प्रतिशत जीएसटी के साथ प्रत्येक वर्ष जीडीए को भुगतान करनी होगी। साथ ही इन्हें ही तीन साल तक इस क्षेत्र की लाइट, फव्वारे, सिक्योरिटी व अन्य सुविधाओं की भी देखरेख करनी होगी।
शुक्रवार को लोहियानगर के हिंदी भवन में आरडीसी के नए पिकनिक स्पॉट में बने क्योस्क और विभिन्न योजनाओं के भूखंड की नीलामी का आयोजन किया गया। आयोजित हुई नीलामी में सबका रुझान क्योस्क की बोली पर रहा। इनके लिए बोली लगाने वाले कुल आठ बोलीदाता शामिल हुए। जीडीए ने खाने-पीने के इन क्योस्क का न्यूनतम आरक्षित मूल्य 24.65 लाख सालाना निर्धारित किया था। एक-एक कर बोलीदातोंओ ने बोली लगानी शुरू की। अंतिम बोली 59 लाख रुपये पर जाकर रुकी। लेकिन इस दौरान हर कोई इन्हें लीज पर लेने की लिए उत्साहित नजर आया। अंत में रविंद्र झा ने सर्वाधिक बोली लगाकर इन सभी दस क्योस्क का लाइसेंस तीन साल के लिए अपने नाम कर लिया। जीडीए सचिव संतोष राय का कहना है कि जल्द की कागजी कार्यवाही कर इनका आवंटन कर दिया जाएगा। इसके बाद यह खोली जा सकेंगी।
बोलीदार को इन क्योस्क के साथ इस क्षेत्र के विभिन्न जिम्मेदारी मिल गई है। जीडीए की शर्त के अनुसार इन क्योस्क का संचालन करने वाले को ही यहां की सुरक्षा, रखरखाव, स्ट्रीट लाइट, फव्वारा आदि की देखरेख भी करनी होगी। साथ ही बोलीदार ने 59 लाख की बोली लगाई है। इसके साथ इन्हें 18 फीसदी जीएसटी भी देना होगा। आरडीसी में व्हीकल फ्री जोन में दस क्योस्क बनाए गए हैं। यह सभी दुबई मॉल के सामने बने है। प्रत्येक क्योस्क का क्षेत्रफल 334.58 वर्ग मीटर है। इनके खुलने से यहां घूमने फिरने आने वालों को काफी फायदा होगा। इसके अलावा हिंदी भवन में भूखंड की भी नीलामी की गई। इसमें गोविंदपुरम, आरडीसी और नंदग्राम के भूखंड की बिक्री हुई है। हालांकि जो भूखंड नहीं बिक सके हैं। उन्हें अगली नीलामी में शामिक किया जाएगा।