गाजियाबाद में राजनगर के बाद अब मुरादनगर में दिखा तेंदुआ, दहशत में नागरिक

गंग नहर के पास मिले पदचिन्ह, वीडियो भी वायरल

गाजियाबाद। राजनगर के बाद अब मुरादनगर में तेंदुए का खौफ छाया है। गंग नहर के आस-पास तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं। इसके अलावा तेंदुए का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मुरादनगर के आयुध निर्माणी क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में तेंदुआ कुत्ते को मुंह में दबाए घूम रहा है। तेंदुए के पदचिन्ह मिलने और वीडियो वायरस होने के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा है। नागरिकों में दहशत का आलम है। बच्चों के प्रति सतर्कता बरती जा रही है। शाम ढलने पर नागरिक घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। कुछ नागरिकों ने वीरवार को आयुध निर्माणी प्रबंधन को सूचना दी कि तेंदुए को गंग नहर के आस-पास देखा गया है। इसके बाद आयुध निर्माणी प्रबंधन एकाएक हरकत में आ गया। आयुध परिसर में नागरिकों को सतर्क कर दिया गया। इस बीच व्हाट्स अप, फेसबुक पर वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ कुत्ते को मुंह में दबाए ले जा रहा है। यह वीडियो आयुध निर्माणी क्षेत्र का होने का दावा किया गया है। उधर, वन विभाग ने इस वीडियो को फर्जी बताया है। वन विभा गके रेंजर क्षेत्रपाल सिंह ने बताया कि वीडियो पूरी तरह गलत है। तेंदुए की भी आस-पास में काफी तलाश की गई है। न तो तेंदुए के पदचिह्न मिले हैं और ना तेंदुए को किसी ने देखा है। संभवत: जंगली बिल्ली को किसी ने तेंदुआ समझ कर अफवाह फैला दी हो। उधर, आयुध निर्माणी परिसर के नागरिकों को वन विभाग के दावे गले नहीं उतर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाएगा, उसके बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता। बता दें कि 4 साल पहले अबूपुर और मनोटा गांव के जंगल में बिजली के जर्जर तारों की चपेट में आकर तेंदुए की मौत हो गई थी। ऐसे में नागरिकों का गंग नहर के आस-पास तेंदुए के होने के कयासों को झुठलाया भी नहीं जा सकता। कुछ दिन पहले गाजियाबाद की पॉश कॉलोनी राज कुंज में तेंदुए को देखा गया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। तेंदुए को अब तक खोजा नहीं जा रहा है। उधर, उप्र के वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा ने वन विभाग के अधिकारियों को तेंदुए की धरपकड़ के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। राज्य मंत्री ने प्रभावी कार्रवाई के लिए 2 दिन का समय दिया है।