राजनगर में फिर दिखा तेंदुआ, नागरिकों में मचा हड़कंप

गाजियाबाद। शहर की पॉश कॉलोनी राजनगर में मंगलवार को फिर तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया है। एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद हो गया है। कुछ दिन पहले भी राजनगर सेक्टर-13 में तेंदुए के आने की पुष्टि की गई थी। उधर, वन विभाग के दावों पर अब सवाल उठने लगे हैं। वन विभाग की लापरवाही नागरिकों की जान पर भारी पड़ सकती है। राजनगर सेक्टर-10 रामलीला मैदान के सामने तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद से कॉलोनी में अफरात-तफरी का आलम मचा है। बता दें कि तेंदुए को पकड़ने के लिए गाजियाबाद के अलावा मेरठ और आगरा की टीमों को भी लगाया गया है। डासना में वन विभाग की टीम को तेंदुआ चकमा देकर फरार हो गया था। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं। तेंदुए ने डासना में पहुंच कर वन विभाग के सिपाही सुनील राठी समेत 3 व्यक्तियों को घायल कर दिया था। इस घटना के बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए मेरठ, आगरा और गाजियाबाद की टीमों को मैदान में उतारा गया। आगरा से आई वाइल्ड लाइफ की टीम ने भी अभियान में हिस्सा लिया। आध्यात्मिक नगर रेलवे स्टेशन के पास रफीकाबाद के एक घर की ओर तेंदुआ जाता दिखा था। इसके बाद पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग टीम ने तेंदुआ पकड़ने को सर्च ऑपरेशन चलाया तो तेंदुए ने टीम पर हमला कर दिया।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी दीक्षा भंडारी ने बताया कि आगरा, मेरठ और गाजियाबाद की टीमों को तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाया गया है। डासना के जंगल में भी गोगी के फार्म हाउस में जाल लगाए गए है। घने जंगल में तेंदुए की तलाश की जा रही है। किसी तरह की कोई घटना सामने नहीं आई है। मालूम हो कि राजनगर सेक्टर-13 में तेंदुआ नजर आया था। इसके बाद डासना के अध्यात्मिक नगर में तेंदुआ देखा गया था। डासना में तेंदुए ने वन विभाग के सिपाही सुनील राठी सहित 3 लोगों को घायल कर दिया था।

क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि गाजियाबाद, मेरठ व आगरा की तेंदुए की तलाश में जुटी हुई हैं। घने जंगल वाले क्षेत्र में तेंदुए की तलाश की जा रही है। जंगल में जाल लगा दिए गए हैं। इसके अलावा वन विभाग की टीमें मुस्तैदी के साथ तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। सर्च अभियान चलाया जा रहा हैं। मेरठ मंडल की वन विभाग की अतिरिक्त टीमों को बुला लिया गया है। ड्रोन भी मंगवाया जा रहा है। पुलिस और पीएसी तैनात करने की भी तैयारी चल रही है।