जीवनदायिनी पेड़-पौधे जीवन के लिए संजीवनी: मेयर

-पर्यावरण के प्रति शहर के हर व्यक्ति का योगदान जरुरी: नगर आयुक्त
-नगर निगम ने विश्व पर्यावरण दिवस पर चलाया जन जागरूकता अभियान

गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का एकमात्र उद्देश्य है कि लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है। ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें ना की पेड़ों की कटाई। ऐसे में यह जीवनदायिनी पेड़-पौधे ही अगर नहीं रहेंगे तो हम या हमारी आने वाली पीढ़ी कैसे रहेगी। ऐसे में हमें एकजूट होकर इसे गंभीरता से लेना होगा। यह बातें रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर मेयर आशा शर्मा ने पौधा रोपित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा शहर को हरा-भरा रखने के साथ स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम हमेशा प्रयासरत है। नगर निगम द्वारा शहर में विश्व पर्यावरण दिवस वृहद स्तर पर मनाया गया। जिसमें शहर में अनेकों स्थानों पर नगर निगम द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए ना केवल पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम को सफल किया गया। बल्कि जन जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें शहर वासियों ने हिस्सा लिया। साथ ही कबाड़ से जुगाड़ कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने विद्यार्थियों के साथ क्षेत्रवासियों को किया मोटिवेट किया।

वसुंधरा जोन में आयोजित कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता में कई विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। जिसमें बच्चों ने घर के कचरे का इस्तेमाल कर सजावट की वस्तुएं बनाई तथा कचरे को बाहर ना फेंककर घर में ही इस्तेमाल में लिया गया। बच्चों के अभिभावक भी कार्यक्रम में जुड़े। नगर निगम की तरफ से सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। नगर आयुक्त ने नगर निगम की योजनाओं के बारे में बताया कि किस प्रकार कचरे का इस्तेमाल कर खाद व अन्य चीजें बनाई जा रही है। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने भी पौधा रोपित कर संरक्षण का सदेंश दिया। उन्होंने कहा शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की कड़ी में बड़ा योगदान हमेशा दिया जाता रहा है। पर्यावरण के प्रति शहर के हर व्यक्ति का योगदान रहता है। नगर निगम के साथ कदम से कदम बढ़ा कर वृक्षारोपण में सहयोग किया जाता रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस पर पांचों जोनों में पौधारोपण किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस पर उद्यान विभाग के साथ-साथ पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण किया। उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मेयर एवं नगर आयुक्त के निर्देशानुसार क्षेत्र के पार्षदों के साथ मिलकर उद्यान विभाग की टीम ने लगभग कई हजार पौधे रोपित किए। जिससे पर्यावरण में सुधार किया जा सकें।

रेड लाइट ऑन इंजन ऑफ का संदेश
नगर निगम के साथ शहर की वॉलिंटियर्स ने भी जुड़कर शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए एक मुहिम चलाई। जिसके अंतर्गत सड़कों पर वाहनों को रेड लाइट पर रोककर संदेश दिया गया कि जितनी देर रेडलाइट रहेगी उतनी देर अपनी गाड़ी का इंजन भी बंद रखें। ताकि प्रदूषण बढऩे से रोका जा सकें। जो तापमान प्रदूषण में गाडिय़ों से हो रहा है, उसको कुछ कम किया जा सकें। जिससे शहर हित में एक सफल प्रयास प्रदूषण मुक्त वातावरण में किया जा सकें। नगर निगम द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर शहर में प्रदूषण मुक्त शुद्ध वातावरण के लिए सराहनीय अभियान चलाया जा रहा है।

प्लास्टिक मुक्त शहर तथा कचरा पृथक्करण अभियान
शहर को प्लास्टिक मुक्त रखने तथा कचरा पृथक्करण के लिए नगर निगम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान वसुंधरा जोन में चलाया गया। जिसमें मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन संस्था के साथ नगर निगम ने मिलकर झंडापुर क्षेत्र में प्लग रन सफाई अभियान के माध्यम से आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी प्लास्टिक, कूड़ा उठाने का अभियान चलाया। साथ ही क्षेत्रीय निवासियों को कचरा पृथक्करण का संदेश दिया कि वह अपने घर के कचरे को किस प्रकार अलग-अलग करके डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाडिय़ों में डाल सकते हैं। इस अभियान से क्षेत्र के निवासियों को एक संदेश मिला। जिसके तहत उनके द्वारा कार्यवाही की गई। इस प्रकार के अभियान से नगर निगम को बहुत सहयोग मिला और शहर वासियों को भविष्य में इस प्रकार कार्य करने पर लाभ प्राप्त होगा। स्वच्छ भारत मिशन टीम के द्वारा स्वच्छता की शपथ भी शहर वासियों को दिलाई गई। जिसमें कई विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया।

प्रदूषण के खिलाफ अभियान
कविनगर जोन अंतर्गत मलिन बस्तियों में प्रदूषण के खिलाफ अभियान विश्व पर्यावरण दिवस पर अभियान चलाया गया। जिसमें नगर निगम की टीम तथा स्वयंसेवकों द्वारा वार्ड संख्या-24 की मलिन बस्तियों में जाकर यहां के निवासियों को बताया गया कि कचरे को खुले में न जलाएं। जिससे वायु प्रदूषण बढ़ता है और लोगों को हानि होती है। इसी संदेश को सभी को बताते हुए स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई गई। कचरा जलाने पर नगर निगम द्वारा जुर्माना लगाया जाता है। साथ में कचरा जलाने से बीमारियां भी बढ़ती है। वहां के निवासियों द्वारा नगर निगम का सहयोग किया और कार्यक्रम को सफल बनाया गया। निगम की डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए गाडिय़ों में लगी बॉक्स के लिए समझाया गया।

सिंगल यूज प्लास्टिक का न करें प्रयोग
नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए अभियान चलाया गया। जिससे शहर मे जन जागरूकता बढ़ी, विजयनगर जोन के वार्ड संख्या-15 जी ब्लॉक पार्क में क्षेत्रीय निवासियों के साथ मिलकर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरुक किया गया। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग करने से क्या-क्या दुष्प्रभाव रहते हैं, उन सबके बारे में जागरुक किया गया। पार्क के अंदर स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर वृक्षारोपण के लिए भी कार्यक्रम किया गया।

साथ ही नगर निगम द्वारा बनाई गई कचरे से खाद का वितरण किया गया। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम की इस कार्य की सराहना की और स्वयं भी कचरे का खाद बनाने पर जोर दिया। शहर की अन्य सोसाइटी में भी वृक्षारोपण व अन्य कार्यक्रम विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित किए गए नगर निगम अधिकारियों तथा अन्य टीम द्वारा भी कार्यक्रमों को सफल बनाया शहर को स्वच्छ सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सहयोग मांगा। विश्व पर्यावरण दिवस पर शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने शहर को सुंदर बनाने शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अनेकों कार्यक्रम में जन जागरूकता अभियान चलाया गया।