नगर निगम ने अलग अंदाज में मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

-सफाई एवं जल संरक्षण अभियान के साथ किया पौधरोपण

गाजियाबाद। नगर निगम ने शनिवार को सफाई एवं जल संरक्षण अभियान तथा पौधरोपण कर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। ऐसे में मेयर आशा शर्मा, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर तथा नगर निगम के समस्त अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से उद्यान विभाग द्वारा शहर में वृहद स्तर पर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पौधरोपण का कार्यक्रम शहर के समस्त वार्डों में किया गया। उद्यान विभाग के समस्त मालियों को क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही उनके साथ मिलकर अपने क्षेत्र में एक-एक वृक्ष लगाया गया। इस प्रकार मालियों की हौसला अफजाई भी की गई। नगर निगम द्वारा शहर में वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम कर 1000 से अधिक पौधे रोपित किए। मेयर आशा शर्मा, नगरायुक्त ने अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय,अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार,एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा,अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, चीफ इंजीनियर मोइनुूद्दीन खान,उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह एवं पार्षदों की मौजूदगी में प्रताप विहार सेक्टर-11 में मियविकि पद्धति से ऑक्सीजन बैंक तैयार करने के उद्देश्य से पौधरोपण किया। क्षेत्रीय पार्षद कृपाल तथा अन्य मालियों की टीम उपस्थित रही। मेयर आशा शर्मा ने बताया कि शहर को एक बेहतर पर्यावरण देने में उद्यान विभाग के मालियों का सबसे बड़ा सहयोग रहता है। इसके मालियों को सम्मानित किया गया। मेयर ने प्रताप विहार के पार्क को ऑक्सीजन देने वाला ऐतिहासिक पार्क बताया। नगरायुक्त ने बताया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर इक्कीस सौ पौधे शहर में लगाए गए तथा उनकी जिम्मेदारी भी क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा ली गई। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और अधिक पौधों को शहरवासियों के हित में लगाया जाएगा।
वसुंधरा जोन में नगरायुक्त द्वारा सफाई अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिस के क्रम में मकनपुर स्थित तालाब पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा तालाब की सफाई का कार्य किया गया। जिसके क्रम में स्वयं नगरायुक्त तथा समस्त विभागों के अधिकारियों द्वारा भी संपूर्ण तालाब से कचरा एकत्र किया गया जिसमें से अर्थ, प्रयास एक तथा अन्य क्षेत्रीय संस्थाओं के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षद मीना भंडारी, तथा क्षेत्रीय पार्षद कपिल द्वारा सहयोग किया गया। इसी प्रकार समस्त जोनों में पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने के लिए स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित 46 तालाबों का जीर्णोद्धार की कार्यवाही के क्रम में पर्यावरण दिवस के अवसर पर तालाबों के आसपास सफाई तथा वृक्षारोपण का कार्य किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित ऐसे तालाब जहां पर कचरा डालने की वजह से तालाब शब्द ही खत्म हो गया था, ऐसे तालाबों को नगर निगम द्वारा जीर्णोद्धार कराकर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय ग्राम वासियों में एक उल्लास देखने को मिलता है। नगर निगम द्वारा पर्यावरण दिवस पर ग्राम वासियों को जल संरक्षण के बारे में अवगत कराया तथा जल संरक्षण की प्रक्रिया को किस प्रकार किए जाना है और किस प्रकार जल संरक्षण भविष्य में लाभदायक है इसके बारे में एक जल चौपाल की गई।