नगर निगम कर्मचारी यूनियन और नगर आयुक्त की वार्ता सफल, शुक्रवार को होगा हड़ताल खत्म करने का ऐलान

कर्मचारियों की 17 सूत्रीय मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से चल रहा है कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ और नगर निगम कर्मचारी संघ के बीच बृहस्पतिवार देर शाम हुई वार्ता सफल रही। नगर आयुक्त की बातों से कर्मचारी संगठन संतुष्ट नजर आये और उन्होंने नरमी का संकेत देते हुए शुक्रवार को हड़ताल खत्म करने की बात कही है।

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। बात हुई तो बात बनी। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ और नगर निगम कर्मचारी संघ के बीच बृहस्पतिवार देर शाम हुई वार्ता सफल रही। नगर आयुक्त की बातों से कर्मचारी संगठन संतुष्ट नजर आये और उन्होंने नरमी का संकेत देते हुए शुक्रवार को हड़ताल खत्म करने की बात कही है। शुक्रवार सुबह कर्मचारियों को नगर आयुक्त से हुई वार्ता की बिंदूवार जानकारी दी जाएगी और उसके बाद सभी कर्मचारी काम पर वापस लौट जाएंगे। इससे पूर्व बृहस्पतिवार को दिन भर नगर निगम मुख्यालय में गहमा गहमी बनी रही। सैकड़ों की संख्या में निगम कर्मचारी निगम मुख्यालय पर डटे रहे। विरोध प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों के लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई थी। कर्मचारी संगठन के आंदोलन के समर्थन में कई और नगर पालिकाओं के कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी भी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ और स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन नगर पालिका मुरादनगर शाखा ने भी आंदोलन के समर्थन का पत्र सौंपा।


विदित हो कि मंगलवार से गाजियाबाद नगर निगम के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारी संगठन ने इसे कार्य बहिष्कार आंदोलन का नाम दिया है। कर्मचारी 17 सूत्रीय मांग को लेकर पिछले तीन दिनोें से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार का असर नगर निगम के कामकाज पर पड़ रहा है। निगम का कामकाज ठप होने की वजह से शहरवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई थी लेकिन वह सफल नहीं रही थी। नगर निगम कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों और निगम अधिकारियों के बीच बृहस्पतिवार को दिन में फिर से बातचीत का दौर शुरू हुआ। दोनों पक्षों की तरफ से सकारात्मक बातें की जा रही थी ऐसे में लग रहा था कि जल्द कोई सर्वमान्य रास्ता जल्द निकल जाएगा। शाम 7 बजे के करीब कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों और नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के बीच निगम मुख्यालय में वार्ता हुई। नगर आयुक्त ने कर्मचारियों की हर मांग को बिंदूवार सुना और उसके समाधान को लेकर बिंदूवार जवाब दिया।

नगर आयुक्त ने कर्मचारी यूनियन की मांगों को मानते हुए निर्धारित अवधि में उसे पूरा करने का आश्वसान दिया। नगर आयुक्त ने कर्मचारी यूनियन को बताया कि एक-दो दिनों में सभी मांगों को पूरा नहीं किया जा सकता। मांगों को पूरा करने में समय लगेगा। नगर आयुक्त ने समयबद्ध तरीके से कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। नगर आयुक्त की बातों से कर्मचारी संतुष्ट नजर आये। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि नगर आयुक्त ने कर्मचारियों की सभी मांगें मान ली है और निर्धारित अवधि में मांगों को पूरा करने की बात कही है। नगर आयुक्त की बातों पर भरोसा करते हुए कार्य बहिष्कार आंदोलन वापिस लेने पर कर्मचारियों में सहमति बनी है। शुक्रवार की सुबह सभी कर्मचारी निगम मुख्यालय में एकत्रित होंगे। कर्मचारियों के समक्ष नगर आयुक्त के समक्ष वार्ता में आये कार्यवित्ति का विस्तार से ब्यौरा दिया जाएगा। इसके बाद आंदोलन स्थगित करते हुए समस्त कर्मचारी अपने काम पर लौट जाएंगे।

देखें नगर निगम में हड़ताल की फोटो