अतिक्रमण मुक्त शहर के लिए नगर निगम की नई प्लानिंग

रोस्टर के अनुसार चलेगा अभियान, 4.50 करोड़ की भूमि कब्जा मुक्त

गाजियाबाद। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को फिर बुलडोजर चलाया। ऐसे में अवैध निर्माण कर्ताओं में हड़कंप मच गया। विजय नगर जोन में यह कार्रवाई की गई। इसके तहत ग्राम डूंडाहेड़ा, सुदामापुरी, बिहारीपुरा, नई टंकी लाल क्वार्टर के आस-पास अतिक्रमण हटाकर अतिक्रमण कर्ताओं को सख्त हिदायत दी गई। नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नई प्लानिंग की है। इसके अंतर्गत रोस्टर के अनुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अपर नगरायुक्त अरुण कुमार यादव के मुताबिक विभाग ने ऐसी प्लानिंग की है कि भविष्य में नगर निगम सीमांतर्गत निगम की भूमि पर अवैध कब्जा नहीं हो सकेगा। महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अवैध निर्माण के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। अवैध रूप से कब्जा हुई भूमि को प्रतिदिन चिन्हित किया जाता है तथा रोस्टर बनाकर कार्रवाई के लिए तिथि तय की जाती है। अतिक्रमण हटाने से पहले से अनाउंसमेंट करा दिया जाता है। उन्होंने बताया कि रोस्टर अनुसार प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शनिवार तक नगर निगम की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की योजना बनाई गई है। इसके मद्देनजर सैनी चौक से संतोष मेडिकल चौक तक, वन इंडिया मॉल से सम्राट चौक तक, सम्राट चौक से लीलावती चौक तक, संतोष मेडिकल से लेकर फ्लोरस हॉस्पिटल तक, सम्राट चौक से गौशाला चौकी तक डीएवी चौक से विश्वकर्मा चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। उधर, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ ने बताया कि ग्राम डूंडाहेड़ा, बिहारीपुरा नई टंकी लाल क्वार्टर के पास खसरा नंबर 32 में नगर निगम की भूमि है। इस भूमि पर आस-पास के कुछ नागरिकों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। शिकायत मिलने पर संबंधित भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया है। कब्जा मुक्त भूमि की कीमत लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपए है। इस मौके पर विजय नगर जोन के जोनल प्रभारी रामबली पाल, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम तथा प्रवर्तन दल की टीम मौजूद रही।