नगर निकाय चुनाव: वार्डों के आरक्षण को लेकर 300 से ज्यादा आपत्तियां हुई दर्ज

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम समेत निकायों के वार्डों के आरक्षण की सूची जारी होने के बाद जिला प्रशासन के पास 300 से ज्यादा आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं। इनमें सबसे ज्यादा 141 आपत्तियां नगर पालिका परिषद लोनी के वार्डों में बदलाव को लेकर दर्ज हुई हैं। इसमें वार्ड-44 ,48 को लेकर सबसे ज्यादा आपत्तियां आई। वहीं, नगर निगम के वार्डों के लिए 120 आपत्तियां दर्ज कराई गई है।इनमें सबसे ज्यादा वार्ड-61 को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई। ब्रज विहार के पूर्व पार्षद गोपाल दत्त करगेती ने ब्रज विहार पार्षद की सीट ओबीसी के लिए आरक्षित कराये जाने को गलत बताते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। करगेती के साथ कई और लोगों ने भी आपत्ति दर्ज कराई है। वहीं, मुरादनगर व मोदीनगर नगर पालिका परिषद के वार्डों के आरक्षण में बदलाव के लिए आपत्तियां 20 तक नहीं पहुंची। नगर पंचायतों में सिर्फ चार से पांच आपत्ति दर्ज कराई गई हैं। नगर निगम के वार्ड-16 गढ़ी सिकरोड़ के लिए सबसे ज्यादा 41 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। वार्ड के निवासी ने आपत्ति में कहा कि इस वार्ड को इस बार अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया। जबकि क्षेत्र में अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या बहुत कम है। इस वार्ड में 2017 में कुल मतदाता 10,799 थे। इनमें करीब 50 फीसद संख्या अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं की है।

सामान्य वर्ग के करीब 30 फीसद मतदाता हैं। अनुसूचित जाति की संख्या में 16 से 18 फीसदी है। वर्ष-2012 के चुनाव यह वार्ड अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया था।वर्ष-2017 में इसे अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था। आपत्ति दर्ज कराने वालों में अन्य लोगों ने भी इस बार वार्ड को ओबीसी महिला या अनारक्षित श्रेणी में रखने की मांग की है। वहीं, राजनगर, शास्त्रीनगर, महरौली गांव, संजयनगर, मिजार्पुर, कड़कड़ मॉडल, मोरटा, डूंडाहेड़ा, भोवापुर, पटेलनगर, लाजपतनगर, गगन विहार आदि क्षेत्रों के वार्ड का आरक्षण बदलने के लिए लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। लोनी नगर पालिका परिषद के वार्ड बढ़ाए गए थे। लेकिन बाद में कम कर दिए गए। वार्डों का आरक्षण इसी के अनुसार किया गया। आरक्षण लागू होते ही आपत्तियों की भरमार हो गई। वार्ड-44 को ओबीसी वर्ग में बदलवाने और वार्ड-48 को सामान्य श्रेणी में रखने की मांग की जा रही है। इसके अलावा कई अलग-अलग वार्डों के लोग जातिगत जनसंख्या का आंकड़ा बताकर वार्ड में आरक्षण बदलवाने की मांग कर रहे हैं। मुरादनगर नगर पालिका परिषद में मात्र दो आपत्तियां दर्ज कराई गई। जबकि मोदी नगर नगर पालिका परिषद में 19 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। यहां वार्ड-24 को लेकर ज्यादा आपत्ति है। खोड़ा नगर पालिका परिषद के वार्डों के लिए सिर्फ 9 आपत्तियां आई हैं। नगर पंचायत डासना में तीन, पतला में तीन, निवाड़ी में चार और फरीदनगर नगर पंचायत में पांच आपत्तियां दर्ज कराई गई। इनमें भी एक वार्ड के लिए दो-दो आपत्ति दर्ज कराई गई हैं।