प्राथमिकता पर होगा आमजन की समस्याओं का निस्तारित: रण विजय सिंह

गाजियाबाद। जिले में नवनियुक्त अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन रण विजय सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। वर्ष-2008 बैच के पीसीएस अधिकारी रण विजय सिंह जनपद बनारस में एडीएम प्रशासन के पद पर तैनात थे। प्रदेश शासन ने पिछले दिनों इनका गाजियाबाद में एडीएम प्रशासन के पद पर तबादला कर दिया था। बुधवार को लंबे इंतजार के बाद आखिर इन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया। जनपद में तैनात रहे एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार को जनपद बनारस में एडीएम प्रशासन के पद पर तबादला किया गया है।

बुधवार को उन्होंने नवनियुक्त एडीएम रण विजय सिंह को अपना चार्ज सौंप दिया। मिलनसार व मृदुभाषी एडीएम बिपिन कुमार का जिले में बेहतर कार्यकाल रहा है। वह यहां पर पहले सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे। इसके बाद प्रदेश शासन से इनका प्रमोशन होने के बाद यहां पर एडीएम सिटी बनाया गया था। करीब तीन माह पहले ही जिलाधिकारी ने इन्हें एडीएम प्रशासन बनाया था। नवनियुक्त एडीएम प्रशासन रण विजय सिंह मूल रूप से जनपद गोरखपुर के रहने वाले है। यह बनारस से पहले संत कबीर नगर, गाजीपुर में एडीएम व बदायूं, महाराजगंज, मऊ आदि जनपदों में एसडीएम के पद पर तैनात रहे। एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह ने पदभार संभालने के बाद बातचीत में कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी के संदर्भित पत्रों एवं निर्देशों के तहत कार्यों का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाएगा।