केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग सहायक उपकरण किए वितरित

-दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने और उन्हें सशक्त बनाने का काम कर रही भाजपा: नरेन्द्र कश्यप

गाजियाबाद। सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर के अंतर्गत डीएम राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को कम्यूनिटी सेंटर नेहरू नगर परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन मंत्रालय डॉ जनरल वीके सिंह एवं राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने 146 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग सहायक उपकरण वितरित किए। जिसमें 140 ट्राईसाईकिल, 3 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, 3 दिव्यांगजनों को सेंसर स्टिक वितरित किए। इसके साथ ही 10 दिव्यांगजनों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं 10 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा संचालित की जा रही दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की कृत्रिम अंग सहायक उपकरण योजना के तहत लाभ पहुंचाया गया।

केन्द्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह एवं राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने दिव्यांगजनों के साथ विस्तृत वार्तालाप करते हुए उनकी समस्याओं को गहनता से सुना एवं उनके निस्तारण के संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जनरल वीके सिंह ने कहा कि आज सेवा पखवाड़े के अंतर्गत दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कृत्रिम अंग सहायक उपकरण बांटे गए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को जो आज ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर एवं अन्य उपकरण वितरित किए गए उनसे दिव्यांगजनों कि रोजमर्रा की जिंदगी में बहुत सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह स्वस्थ रहे और उनका और अच्छे से भरण-पोषण हो एवं सशक्त बने।

राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि आज शासन की मंशानुसार सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों उनकी सहूलियत के लिए सुविधा उपकरणों का वितरण किया जा रहा है। जिसके माध्यम से खासतौर से कृत्रिम अंग किट, ट्राईसाइकिल आदि को सम्मिलित किया गया। दिव्यांगजनों का भरण पोषण जो वर्ष 2017 में केवल 300 होता था, वो अब वर्तमान सरकार में बढ़ाकर 1000 कर दी गई है। जिसे आने वाले समय में इस राशि को 1500 करने के लिए प्रस्ताव बन चुका है।

उत्तर प्रदेश के दिव्यांगजन सशक्त हो मजबूत हो शिक्षा के रूप में आगे बढ़े जिसके लिए वर्तमान सरकार कृत संकल्पित है। डीएम राकेश कुमार सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं उन सभी योजनाओं का पात्र लाभार्थियों तक सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारी गण बृहद अभियान संचालित करें ताकि सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ सभी दिव्यांगजनों को सरलता से मिल सकें।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए यूडीआईडी कार्ड एक महत्वपूर्ण कार्ड है। अत: जिन दिव्यांगजनों के यह कार्ड भी नहीं बने हैं उनके लिए अभियान चलाकर सभी के कार्ड बनाए जाने की कार्यवाही विभागीय अधिकारियों के द्वारा तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, मेयर आशा शर्मा, विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुधीर कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमर जीत सिंह, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष राय तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित रहे।