नगर निगम में शोक सभा आयोजित कर मृतक कोरोना योद्धाओं को दी श्रद्धांजलि

– गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी यूनियन के दो पदाधिकारी सहित 18 कर्मचारियों की हुई मौत
– अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंप 50 लाख रुपये और आश्रित को नौकरी देने की रखी मांग

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद।
शहर को कोरोना संक्रमण से मुक्त करने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले गाजियाबाद नगर निगम के डेढ़ दर्जन कर्मचारियों की कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में मौत हो गई। नगर निगम के मृतक कोरोना वॉरियर्स को श्रद्धांजली देने के लिए सोमवार को निगम मुख्यालय में शोकसभा आयोजित हुई। शोकसभा में नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखा और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मृतक कर्मचारियों को जल्द से जल्द 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद और मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने को लेकर अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री हिमांशु शर्मा, वाहन चालक संघ के अध्यक्ष संजीव पार्चा, अधिष्ठान एवं सफाई सहित अन्य विभाग के 18 कर्मचारियों की मौत कोरोना से हुई है।
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नैन सिंह ने शोक सभा की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद समय है कि हम सभी को अपने डेढ़ दर्जन साथियों की मौत के बाद इस तरह से श्रद्धांजली सभा आयोजित करनी पड़ रही है। नगर निगम के कर्मचारियों ने अपने प्राणों की परवाह किये बगैर शहरवासियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए काम किया। अब हम सभी को इन कोरोना वॉरियर्स के परिजनों तक तत्काल मदद पहुंचानी चाहिये। अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने मृतकों को श्रद्धांजली देते हुए कहा कि कोरोना महामारी है और सभी के लिए यह गंभीर संकट काल है। नगर निगम के लगभग 5 हजार से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए यह एक चुनौती का समय है। सभी कर्मचारी इस कठिन समय में घर से बाहर रहकर काम कर रहे हैं। यह एक साहसिक कार्य है। अपर नगरायुक्त शिवपूजन यादव ने कहा कि खुद की परवाह नहीं करके शहर को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए नगर निगम के कर्मचारी कोरोना वॉरियर्स बनकर जंग लड़ रहे हैं। कोरोना काल पूरी दूनियां के लिए संकटकाल है। लेकिन कठिन समय में भी धैर्य के बूते विजय हासिल की जा सकती है। मुख्य नगर लेखा परीक्षक अरूण कुमार सिंह ने मृतकों को श्रद्धांजली दी और कहा कि नगर निगम के लोग कोरोना वॉरियर हैं। हम सभी पर यह जिम्मेदारी है कि कठिन समय में भी लोगों तक मदद पहुंचाये। हमने इस संकट के समय में अपने 18 साथियों को खोया है। यह नगर निगम के लिए अपूरणीय क्षति है। नगर निगम के वरिष्ठ कर्मचारी चौब सिंह ने कहा कि अपने बीच के किसी साथी का इस तरह चला जाना सबसे कठिन होता है। नगर निगम के कर्मचारी कोरोना वॉरियर हैं। ऐसे में मृतक कर्मचारियों के परिजनों को जल्द से जल्द 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी दी जाये। नगर निगम कर्मचारी संघ के गौरव शर्मा ने कहा कि इस दुख की घड़ी में हम सभी लोगों को मृतक साथियों के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उनकी अधिक से अधिक मदद करनी चाहिये। महेंद्र प्रताप मोंटी, कुलदीप शर्मा, राजभूषण त्यागी, करण यादव, अनिल त्यागी, अनिल कुमार, राजुकमार, सिराजुद्दीन, सुनील कुमार, कमलेश रानी, जावेद, रमेश चंद्र जोशी, उदल सिंह, हेम सिंह, धीरज शर्मा, प्रदीप कुमार राणा, विशाल गौरव, रवि जोशी, कर्मवीर, भीम सिंह, हिमांशु पाल, मान सिंह, आनंद कुमार, अरविंद त्यागी, अजय कुमार, बृजमोहन, पवन गिरी, हरीश त्यागी, मोहन बाबू, नितिन भारद्वाज, प्रदीप शर्मा, विनोद त्यागी, मयूर गिरधर, मोहित, समर मिर्जा, सतवीर यादव, शिवकुमार शर्मा, अमित शर्मा, गौरव, वशिष्ठ आदि ने मृतकों को श्रद्धांजली दी।