बिहार चुनाव : एनडीए की सीट शेयरिंग का ऐलान

जेडीयू 122 और भाजपा 121 सीटों पर आजमाएगी किस्मत

पटना। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। रस्साकशी के बाद एनडीए ने भी आज अपने पत्ते खोल दिए। एनडीए में सीट शेयरिंग से पर्दा उठ गया। चुनाव में जनता दल (यू) 122 सीटों पर और भाजपा 121 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार की शाम सीट शेयरिंग की घोषणा की। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख चिराग पासवान की बावत पूछे गए सवाल पर सीएम नीतीश कुमार ने दो टूक जवाब दिया। सीटों के ऐलान के बाद जनता दल (यू) और भाजपा अब एक्शन में नजर आएंगे। सीएम ने बताया कि जनता दल (यू) 122 सीटों पर और सहयोगी भाजपा 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हम पिछले 15 साल से काम कर रहे हैं। उसके पहले जिन्हें 15 साल काम करने का मौका मिला, उसकी तुलना देख सकते हैं। पहले के 15 साल में आर्थिक स्थिति और कानून व्यवस्था की हालत खराब थी। हत्याओं का ग्राफ हमेशा चढ़ा रहता था। सामूहिक नरसंहार जैसी घटनाएं होती थीं। दंगे-फसाद होना आम था। मौजूदा सरकार ने जिस तरत से काम किया यह सबको मालूम है। उन्होंने कहा कि कितना ज्यादा कोरोना ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। हमने बिहार में कितना काम किया है, यह सबके सामने है। जहां तक जांच का सवाल है तो हम राष्ट्रीय औसत में भी प्रति 10 लाख में 3 हजार ज्यादा है। मैं प्रवासी शब्द का विरोधी हूं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जनता दल (यू) और भाजपा के बीच बेहतर तालमेल है। चुनावी नतीजे भी सकारात्मक आएंगे। विपक्ष पूरी तरह हताश हो चुका है। लोजपा प्रमुख चिराग पासवान द्वारा निरंतर हमला किए जाने के सवाल पर सीएम नीतीश ने कहा कि सब जानते हैं किसने कितनी मेहनत की है। बता दें कि चुनावी सीजन में जनता दल (यू) और लोजपा में जुबानी जंग चल रही है। दोनों ने विधान सभा चुनाव अलग-अलग लडऩे का फैसला किया है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भी लोजपा को अपनी मंशा से अवगत करा दिया है।