सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ निगम ने चलाया अभियान

वसुंधरा जोन में जब्त की 50 माइक्रोन के नीचे की 15 क्विंटल प्लास्टिक

गाजियाबाद। प्लास्टिक पर्यावरण के लिए घातक साबित हो रहा है। यही कारण है कि सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी से प्रतिबंधित कर दिया गया है। बावजूद बाजार में खुलेआम प्लास्टिक की बिक्री हो रही है। घरों तक प्लास्टिक पहुंच रहा है।
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जबकि नगर निगम कार्रवाई के साथ-साथ जागरुकता अभियान चला रहा है। नगर निगम की जागरूकता का असर भी दिख रहा है। मगर अपील के बाद भी सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। अभियान चलाकर प्रतिदिन नगर निगम के पांचो जाने में कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई सिर्फ जब्तीकरण तक सीमित नही है। सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर जुर्माना भी वसूला जा रहा है।  इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार नगर निगम सीमा अंतर्गत प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया।

जिसमें वसुंधरा जोन के अंतर्गत सनराइज पैकिंग फैक्ट्री स्टील कंपाउंड साहिबाबाद साइट फॉर इंडस्ट्रियल एरिया में स्वास्थ्य विभाग, ईटीएफ टीम, वसुंधरा जोन की टीम, पॉल्यूशन बोर्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करते हुए 25 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के लैब असिस्टेंट मदन गोपाल द्वारा जांच करने पर ज्ञात हुआ कि प्लास्टिक 50 माइक्रोन से भी नीचे है। कार्यवाही करते हुए जोनल प्रभारी एसके राय द्वारा जुर्माना भी वसूला गया। आगे से प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की हिदायत भी दी गई।  अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग से हिमांशु भारद्वाज एवं कर्नल दीपक शरण प्रवर्तन दल प्रभारी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाकर शहर को शत प्रतिशत प्लास्टिक मुक्त करना चाह रहा है। जिसमें नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में कार्य चल रहा है। रोस्टर के अनुसार पांचो जोन में जोनल प्रभारी, वृहद स्तर पर अभियान चलाते हुए कार्यवाही कर रहे है।

सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करें बंद

सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लग चुका है। सरकार के निर्देशानुसार लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। जो सिंगल यूज प्लास्टिक की थैली बेचते और स्टाक के साथ पकड़ा जाएगा। उस पर जुर्माने के साथ माल को जब्त कर कार्रवाई की जाएगी। मानव सस्ते प्लास्टिक का उपयोग कर रहा है, इससे हमारे पर्यावरण को बहुत नुकसान पहुंच रहा है। पहले हम कपड़े के थैलों का प्रयोग करते थे, लेकिन आज हर काम प्लास्टिक से हो रहा है, जो खतरनाक साबित हो रहा है।  सब्जी थैली में लाने की बजाए कपड़े के कैरी बैग में लेकर आएं।

इसे नियमित जीवन में हम अगर आदत बना लें तो शहर को प्लास्टिक फ्री बना सकते है। पर्यावरण शुद्ध बनाने के लिए स्वयं को जागरूक बनना होगा, किसी भी काम के लिए घर से निकले तो कपड़े का थैला साथ लेकर जाएं। साथ ही नगर निगम की टीम को भी बाजारों में जाकर प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त गाजियाबाद