अपने देश और दुनिया को गुमराह कर रहा ड्रैगन

चीन को भारत का जबाव : फायरिंग से भारतीय सेना का इंकार

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत के खिलाफ षडयंत्र रचने से चीन बाज नहीं आ रहा है। वह सीमा विवाद को उलझाने की हरसंभव कोशिश में लगा है। पूर्वी लद्दाख की सीमा पर ड्रैगन निरंतर उकसावे की कार्रवाई कर रहा है। हालांकि भारतीय सेना पूरे संयम और सुझ-बुझ के साथ काम ले रही है। ताजा मामला सीमा पर फायरिंग किए जाने की घटना का है। भारतीय सेना ने चीन के दावों को खारिज कर सच्चाई जाहिर कर ड्रैगन को आईना दिखा दिया है। पूर्वी लद्दाख सीमा के पास चीन ने बड़ी संख्या में सैनिकों के अलावा सैन्य साजो-सामान का जमावड़ा कर रखा है। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के जवान सीमा पर उकसावे की कार्रवाई कर भारतीय सेना के सब्र की परीक्षा ले रहे हैं। भारतीय सेना का कहना है कि चीन उलटे-सीधे बयानों से अपने देश और समुची दुनिया को गुमराह कर रहा है। सेना ने किसी भी हालत में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को पार नहीं किया है। ना किसी तरह की फायरिंग की है। वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय सेना की बढ़त को देखकर चीन बौखलाहट में है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी कुछ दिन पहले लेक स्पांगूर के पास घुसपैठ करने की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया था। इसके बाद सेना ने क्षेत्र की ऊंची चोटी पर भी पुन: कब्जा जमा लिया। यह खबर बीजिंग पहुंचने पर बवाल मच गया। खबर है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस मामले में चीनी सेना और शीर्ष अधिकारियों से खफा हैं। चर्चा है कि चीनी सेना के नेतृत्व में जल्द शीर्ष स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उधर, भारतीय सेना भी सीमा पर दिन-रात मुस्तैद है। पीएलए की हरकतों पर पैनी नजर रखी जा रही है।