गेम प्लान ! मुंबई में मुलाकात, सियासत में हलचल

देवेंद्र फडणवीस और संजय राउत की बैठक पर चर्चाएं

शिवसेना नेता बोले, इंटरव्यू करने पर बखेड़ा क्यूं

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच गुफ्तगूं ने सियासी हल्कों में एकाएक हलचल मचा दी है। सियासी गलियारों में इस मेल-मिलाप को अलग-अलग दृष्टिकोण से देखा जा रहा है। हालांकि राउत ने सफाई दी है कि वह शिवसेना के मुखपत्र सामना के लिए इंटरव्यू लेने के सिलसिले में फडणवीस से मिलने गए थे। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पहले से थी। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना नेता संजय राउत में शनिवार को चर्चा हुई थी। अभिनेता सुशांत सिंह केस और अभिनेता कंगना रनौत के कार्यालय को बीएमसी द्वारा ध्वस्त करने के मुद्दों पर भाजपा और शिवसेना में काफी समय से जुबानी जंग चल रही है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस से संजय राउत की मुलाकात को राजनीतिक चश्मे से देखा जा रहा है। हालांकि दोनों नेताओं ने राजनीति मुलाकात होने से साफ इंकार किया है। चर्चाओं का बाजार गरम होने पर शिवसेना नेता राउत ने स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा है कि शिवसेना के मुखपत्र सामना के लिए फडणवीस का इंटरव्यू लेना था। इसके चलते वह फडणवीस से मिलने गए थे। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इसकी जानकारी है। राउत शिवसेना के मुखपत्र सामना के प्रभारी हैं। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस कोई दुश्मन नहीं हैं, जो उनसे मुलाकात नहीं हो सकती। यह बैठक पहले से तय थी। उन्होंने कहा कि फडणवीस से मिलना अपराध है क्या ? वह पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ विधान सभा में विपक्ष के नेता हैं। हमारे मध्य बेशक वैचारिक मतभेद हैं, मगर हम दुश्मन नहीं हैं। राउत ने कहा कि उन्होंने एनसीपी प्रमुख शरद पवार का इंटरव्यू लिया था। देवेंद्र फडणवीस, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और गृह मंत्री अमित शाह का साक्षात्कार लेने की भी घोषणा की थी। उधर, महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने कहा कि इस मीटिंग का कोई भी राजनीतिक दृष्टिकोण नहीं था।