प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, नगर निगम के कामों को सराहा

– म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर की विशेष चर्चा

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने शनिवार को गाजियाबाद में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजनाओं की क्रियाशीलता और प्रगतिशील परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति को लेकर जानकारी ली। प्रताप विहार स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं प्रयोगशाला के निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिकारियों ने प्रमुख सचिव को वॉटर ट्रीटमेंट तकनीकी और वर्क स्पीड के बारे में जानकारी दी। प्रमुख सचिव ने जल निगम के अधिकारियों को कार्य की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद गेस्ट हाउस में नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नगर निगम द्वारा कराये जा रहे विकास कार्य, शहर को प्रदूषण मुक्त करने को लेकर चलाये जा रहे अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम सहित अन्य कार्यों की जानकारी दी। म्युनिसिपल कमिश्नर की मौजूदगी में नगर निगम के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष ने अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की प्रेजेंटेशन दी। जल निगम से मुख्य अभियंता आरके पंकज द्वारा भी अधिकारियों के साथ जल निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रेजेंटेशन दी गई। प्रमुख सचिव ने म्युनिसिपल कमिश्नर को स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया और ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड परियोजना की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने गोविंदपुरम स्थित नगर निगम के स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन की विस्तृत जानकारी प्रमुख सचिव को दी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि किस तरह से नगर निगम द्वारा कवि नगर जोन के कचरे को कैप्सूल के माध्यम से एक स्थान पर लाकर तकनीकी माध्यम से बिना प्रदूषण फैलाएं प्रोसेस यूनिट तक भेजा जाएगा। प्रमुख सचिव ने स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन की सराहना करते हुए नगर निगम के कामों की तारीफ की। जिन परियोजनाओं की रफ्तार धीमी है उसे तेज करने का निर्देश दिया।
प्रमुख सचिव ने कहा कि नगर निगम द्वारा किये जा रहे अच्छे कामों की जानकारी शहरवासियों तक पहुंचाई जाये। उन्होंने म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक को पब्लिक इंगेजमेंट करते हुए जन जागरूकता पर विशेष फोकस करने का निर्देश दिया। प्रमुख सचिव ने कहा कि जल निगम और नगर निगम के प्रोजेक्ट स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, स्कूल कॉलेज के छात्रों एवं शहर के गणमान्य लोगों को विजिट कराने का निर्देश दिया।
स्वच्छता को लेकर लोगों में जन जागरूकता फैलाया जाये। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव नगर निगम के कामकाज से प्रसन्न नजर आये। प्रमुख सचिव के निरीक्षण के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, जीएम जल आनंद त्रिपाठी, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, प्रभारी प्रकाश आश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव, डॉ अनुज उद्यान प्रभारी, डॉ. आशीष, अधिशासी अभियंता उनमेश शुक्ला सहित नगर निगम एवं जल निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।