पंजाब पहुंचे राहुल, मोदी सरकार पर बोला हमला

कांग्रेस नेता ने किसानों को साधने की कोशिश की

नई दिल्ली। देश में नए कृषि कानून का विरोध रूक नहीं पाया है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इस मुद्दे को सुलगाए रखना चाहती है। इसी क्रम में पंजाब के मोगा जिले में रविवार को सार्वजनिक सभा आयोजित की गई। सभा में भाग लेने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे। इस दरम्यान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने जल्दबाजी में 3 कृषि कानून को लागू करने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कानून बनाए जा रहे हैं तो सरकार को खुलकर बात करनी चाहिए। यदि किसान संतुष्ट होते तो आंदोलन नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 6 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ बोल रहे हैं। पहले नोटबंदी फिर जीएसटी और अब कोविड आया है। उद्योगपतियों का कर माफ किया गया, किसान का कर्ज माफ नहीं किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि पुराने जमाने में कठपुतली का खेल होता था। पीछे से कोई उसे चलाता था। राहुल गांधी ने आरोप मढ़ा कि यह मोदी सरकार नहीं बल्कि अंबानी और अडाणी की सरकार है। मोदी जी को अंबानी और अडाणी चलाते हैं। उन्होंने हाथरस कांड पर भी खुलकर बात की। कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बेटी को मार दिया गया। हत्यारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीडि़त परिवार को घर के भीतर बंद कर दिया गया। डीएम और मुख्यमंत्री ने धमकाया। यह देश की हालत है। उन्होंने कहा कि किसानों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। कांग्रेस हमेशा अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। राहुल गांधी खेती बचाओ यात्रा के तहत पंजाब में विभिन्न स्थानों पर जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का मकसद कृषि कानून पर कांग्रेस के रूख को मजबूती से रखना है। मोगा जिले में संपन्न सार्वजनिक सभा में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आदि भी मौजूद रहे।