यमुना प्राधिकरण की मदद से बनेंगे 2 चाइल्ड हॉस्पिटल

सेक्टर-18 और 20 में आवंटित की जाएगी भूमि

ग्रेटर नोएडा। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की संभावना ने सरकारी तंत्र की चिंता बढ़ा रखी है। जनपद गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस की रोकथाम और मरीजों के समुचित उपचार के लिए विकास प्राधिकरण भी हरसंभव मदद कर रहे हैं। इसी क्रम में यमुना विकास प्राधिकरण ने अपने क्षेत्र में 100-100 बेड के 2 शिशु अस्पताल बनाने की दिशा में तेजी दिखाई है। इसके लिए प्राधिकरण ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल निकाल दिया है। अस्पतालों को बनाने की इच्छुक कंपनियों के साथ सोमवार को प्राधिकरण बैठक करेगा। 7 जून को अस्पताल के लिए कंपनियों का चयन कर लिया जाएगा। यमुना प्राधिकरण अपने क्षेत्र में 100-100 बेड के 2 शिशु अस्पताल बनवाएगा। इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) निकाला गया है। प्राधिकरण का प्रयास है कि 8 से 10 माह में ये अस्पताल बन जाएं। इसमें प्राधिकरण भी पूरी सहायता करेगा। शर्तों को मानने वाली कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर भूमि आवंटित की जाएगी। इसके अलावा कुछ और भी मदद प्राधिकरण करेगा ताकि अस्पताल को कम से कम समय में बनाया जा सके। यमुना प्राधिकरण सोमवार को इच्छुक कंपनियों के साथ बैठक करेगा। यह बैठक आॅनलाइन होगी। इसके बाद इच्छुक कंपनियां अपने प्रस्ताव देंगी। 7 जून को प्राधिकरण इन प्रस्तावों पर विचार कर उन्हें अंतिम रूप देगा। इसी दिन कंपनियों का चयन कर लिया जाएगा, जिन्हें अस्पताल बनाने के लिए भूमि आवंटित की जाएगी। यमुना प्राधिकरण सेक्टर-18 और 20 में यह अस्पताल बनवाएगा।