सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी को लेकर हलचल, जल्द निकाली जाएगी वैश्विक निविदा

ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी को लेकर फिर हलचल शुरू हो गई है। इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए पुन: प्रयास तेज किए जाएंगे। इसके मद्देनजर शासन स्तर पर फिल्म उद्योग से जुड़ी कंपनियां, नामचीन हस्तियों और विशेषज्ञों से वार्ता चल रही है। वार्ता का मकसद फिल्म सिटी में जरूरी सुविधाओं की जानकारी एकत्र करना है। वार्ता के दौरान सुझाव मिलने के बाद पुन: वैश्विक निविदा निकाली जाएगी। इसके चलते शीघ्र शासन स्तर पर बैठक का आयोजना होना है। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में 1000 एकड़ में फिल्म सिटी विकसित की जानी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर विकसित की जानी है। इसके लिए विकासकर्ता कंपनी की तलाश है। कंपनी के चयन के लिए वैश्विक निविदा निकाली गई थी। तमाम प्रयासों के बावजूद सिर्फ एक टेंडर आया था। एक टेंडर आने के चलते शासन ने यह प्रक्रिया निरस्त कर दी। अब दोबारा से इस पर कवायद शुरू हुई है। फिल्म बंधु और सूचना विभाग से जुड़े अधिकारी इस कवायद में जुट गए हैं। शासन स्तर के अधिकारी फिल्म उद्योग से जुड़ी कंपनियों से वार्ता कर रहे हैं। फिल्मी हस्तियों और विशेषज्ञों से भी चर्चा की जा रही है। लखनऊ में अधिकारी फिल्म सिटी को लेकर अमेरिका की मशहूर फिल्म कंपनी ट्वेंटिएथ सेंचुरी स्टूडियोज फॉक्स, यूनिवर्सल स्टूडियो, सोनी टीवी, धर्मा प्रोडक्शन आदि से वार्ता कर चुके हैं।

उनसे चर्चा हुई है कि आखिर इस वैश्विक निविदा में टेंडर क्यों नहीं आए हैं। योजना को मूर्त रूप देने के लिए इसमें और क्या सुझाव हो सकते हैं। फिल्म सिटी में और क्या-क्या सुविधाएं होनी चाहिए। इन सभी बिंदुओं पर सुझाव लिए जा रहे हैं। इन सुझावों को सम्मिलित करते हुए नए टेंडर बनाए जाएंगे ताकि विकासकर्ता कंपनी का चयन हो सके। इस बार कुछ ढील भी दी जा सकती है। फिल्म सिटी की दोबारा से वैश्विक निविदा निकालने के लिए बहुत जल्द ही शासन स्तर पर बैठक होने वाली है। इस बैठक में यमुना प्राधिकरण के अधिकारी भी शामिल होंगे ताकि इस पर फैसला लिया जा सके। प्रयास किया जाएगा इस बार बड़ी कंपनियां फिल्म सिटी के विकास के लिए आगे आए। बड़ी कंपनियों के आने से फिल्म सिटी का निर्माण हो सकेगा।