जेवर एयरपोर्ट का असर, तय कीमत से ज्यादा में बिकीं यमुना प्राधिकरण की 8 प्रॉपर्टी

ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की दुकानों और क्योस्क का आवंटन करने के लिए शुक्रवार को नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। नीलामी के जरिए दुकानों एवं क्योस्क का आवंटन किया गया। क्योस्क 3 गुना ज्यादा तो दुकानें दोगुने से अधिक कीमत में बेची गयी। यमुना प्राधिकरण ने 5 क्योस्क और 3 दुकानों का आवंटन किया है। लगभग साढ़े नौ मीटर क्योस्क 30 लाख रुपए में बिका है। पिछली बार क्योस्क की बोली डेढ़ करोड़ तक पहुंची थी। संपत्तियों को बेचकर अपनी आमदनी बढ़ाने की कवायद में यमुना प्राधिकरण जुटा है।

जेवर एयरपोर्ट के कारण यीडा क्षेत्र में प्रॉपर्टी की डिमांड में वृद्धि हुई है। यमुना प्राधिकरण ने इस माह क्योस्क व दुकानों की योजना लॉन्च की थी। योजना में 5 क्योस्क और 12 दुकानें शामिल थीं। निर्धारित तिथि के मुताबिक शुक्रवार को नीलामी के जरिये इनका आवंटन किया गया। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि यीडा के सेक्टर-18, सेक्टर-32 और सेक्टर-17ए में 5 क्योस्क आवंटित करने के लिए स्कीम लांच की गई थी। क्योस्क का क्षेत्रफल 7.15 वर्गमीटर से लेकर 9.59 वर्ग मीटर था। 9.59 वर्ग मीटर वाले क्योस्क की बोली 9,45,000 रुपये से आगे लगानी थी।

इसके लिए उच्चतम बोली 21,07,000 रुपये लगी है। इसी श्रेणी के दूसरे क्योस्क लिए 30,87,000 रुपये बोली लगाई गई है। तीसरा क्योस्क 22,27,000 रुपये में बिका है। सीईओ ने बताया कि इसी तरह 9.04 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले क्योस्क का रिजर्व प्राइस 8,93,000 रुपये निर्धारित था। यह क्योस्क 28,33,000 रुपये में बिका। 7.15 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले का रिजर्व प्राइस 7,06,000 रुपये था। यह क्योस्क 16,46,000 रुपये खरीदा गया। सीईओ ने बताया कि शहर के सेक्टर-22डी में 12 दुकानों की योजना निकाली गई थी।

इनका आवंटन नीलामी के जरिये किया गया। एक दुकान का रिजर्व प्राइस 35,79,373 रुपये था, जो 71,79,373 रुपये में बिकी। दूसरी दुकान का रिजर्व प्राइस 34,58,991 रुपये था और यह दुकान 65,58,991 रुपये में खरीदी गई। तीसरी दुकान के लिए रिजर्व प्राइस 35,79,373 था। इस दुकान की बोली 44,79,373 रुपये लगाई गई। सीईओ ने बताया कि आवंटियों को शर्तों के अनुसार भुगतान करना होगा। यमुना प्राधिकरण की सभी योजनाएं सफल हो रही हैं। यह जेवर एयरपोर्ट का ही असर है।