मंदिर में पुजारी को गोली मारी, ब्राह्मण संगठनों में रोष

दरभंगा। बिहार में महानवमी पर्व पर कुछ हथियारबंद बदमाशों ने मंदिर के मुख्य पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात का विरोध करने पर बदमाशों ने एक श्रद्धालु को भी निशाना बनाया। गोली लगने से श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल है। इस बीच एकत्र नागरिकों ने एक हमलावर को मौके पर दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने पीट-पीटकर हमलावर की जान ले ली। उधर, मंदिर परिसर में पुजारी की हत्या से ब्राह्मण संगठनों में जबरदस्त रोष है। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर कर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। बिहार में दरभंगा के रामबाग राज परिसर स्थित कंकाली मंदिर में गुरुवार की सुबह यह वारदात सामने आई।

यह भी पढ़ें :मिथिलांचल की संस्कृति से प्रभावित हैं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, ब्राहण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री ने उठाई ब्राहण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग

पुजारी की हत्या, श्रद्धालु गंभीर घायल
बदमाशों ने मंदिर के मुख्य पुजारी राजीव कुमार झा की हत्या कर दी। घटना तड़के करीब सवा 4 बजे की है। घटना के बाद आस-पास के लोगों ने एक बदमाश को दबोच कर पीट-पीटकर मार डाला। 2 अन्य बदमाशों को भी पकड़ लिया गया। जबकि एक अपराधी भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने बताया कि मृतक बदमाश की पहचान पुलकित सिंह के रूप में हुई है। वह एलएनएमयू के एक कर्मचारी का बेटा था। दरभंगा के एसएसपी बाबू राम ने बताया कि मंदिर के पुजारी की हत्या की गई है। जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी गोली मारी गई है।

यह भी पढ़ें : पुजारी की हत्या पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने जताया रोष

भीड़ ने एक हमलावर को उतारा मौत के घाट
भीड़ ने एक बदमाश को मार दिया। 2 बदमाशों का डीएमसीएच में उपचार चल रहा है। उधर, सदर एसडीपीओ कृष्णनंदन भी घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर जांच-पड़ताल करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल और 2-3 खोखे बरामद किए गए हैं। घटना की वजह का पता नहीं लग पाया है। आस-पास के लोग घटना के पीछे का कारण अपराधी और पुजारी के भतीजे के बीच विवाद होना बता रहे हैं।

यह भी पढ़ें : अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने यूपी के उप मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन का मुद्दा

वीभत्स घटना, राज्य सरकार गंभीरता से कराए जांच
मंदिर में पुजारी को गोली मारने की घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने साजिश की जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तरुण मिश्र ने कहा कि आए दिन मंदिर के पुजारियों पर हमले हो रहे हैं, उनकी हत्याएं की जा रही हैं। ब्राह्मण समाज आज सबसे अधिक पीड़ित है। यूपी एवं बिहार सहित देश के अन्य हिस्सों में भी ब्राह्मणों के खिलाफ साजिश चल रही है। दरभंगा के मंदिर की घटना दिल दहला देने वाली है। जिस तरह से मंदिर के पुजारी को अकारण गोलियों से छलनी किया गया, यह कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा करता है। तरुण मिश्र का कहना है कि दरभंगा मिथिला का केंद्र बिंदु शहर है। इस शहर के महत्वपूर्ण मंदिर जो पुलिस स्टेशन से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर भी नहीं, वहां इस प्रकार की घटना होना साबित करता है कि स्थानीय पुलिस व्यवस्था ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि काफी समय पहले दरभंगा में स्थानीय विधायक के आवास के पास भीषण डकैती हुई थी। तब भी पुलिस की नाकामी सामने आई थी। विधायक के दबाव के बाद पुलिस ने डकैती की घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने कहा कि आज की घटना में माल की क्षति कम जान की क्षति ज्यादा हुई है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।