बाहुबली की बेगम की 6 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क, योगीराज में फिर बड़ा एक्शन

लखनऊ। योगीराज में बाहुबली और माफिया के अच्छे दिन लद चुके हैं। कुख्यात अपराधियों एवं माफिया के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। राजनीतिक रसूख के बल पर कभी ऐशो-आराम की जिंदगी जीने वाले मुख्तार अंसारी के खराब दिनों की शुरुआत योगी सरकार के सत्ता में आने के बाद से हो गई थी। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी मुख्तार अंसारी और उनके परिवार पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन ने मुख्तार की फरार बेगम अफशां अंसारी के 2 भूखंडों को गैंगस्टर एक्ट के तहत शनिवार को सीज कर लिया। सीज भूखंडों की कुल कीमत 6 करोड़ से अधिक बताई गई है। इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

माफिया मुख्तार अंसारी, उसके करीबियों और रिश्तेदारों पर कानूनी शिकंजा कसकर गाजीपुर जिला प्रशासन ने पुन: बड़ी कार्रवाई की है। गाजीपुर में 2 अलग-अलग लोकेशन पर पुलिस-प्रशासन ने मुख्तार अंसारी की पत्नी आफशां अंसारी की भूमि को कुर्क कर दिया है। पुलिस ने आफशां की छह करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति को कुर्क किया है। सीज संपत्ति गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के रजदेपुर और फतेहउल्लाहपुर क्षेत्र में आती है। इन 2 संयुक्त भूखंड की अनुमानित लागत 6.30 करोड़ बताई जा रही है।

पुलिस-प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट 14(1) के तहत आफशां अंसारी की संपत्ति को सीज किया है। बता दें कि मुख्तार अंसारी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि सपा और बसपा सरकार के शासनकाल में अंसारी ने राजनीतिक रसूख के जरिए नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाकर मनमानी की थी। अब उसके गुनाहों का हिसाब-किताब हो रहा है।