शादी की शहनाई के बीच दुल्हन के घर लाखों के गहने हुए चोरी

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में एक तरफ बैंक्वेट हाल में शादी हो रही थी, तो वहीं दुसरी तरफ दुल्हन के घर से गहने लेकर चोर फरार हो गए। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली तो मानों उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
कंस्ट्रक्शन कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर किशन लाल नंदग्राम स्थित हरबंस नगर में अपने परिवार के साथ रहते हैं।
8 दिसंबर को उनकी बेटी भारती की शादी नंदग्राम में सौ फुटा रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में हो रही थी।
फेरों का कार्यक्रम घर होने की वजह से ससुराल से मिले गहने भी घर की अलमारी में उन गहनों के साथ रखवा दिए थे, जो उन्होंने बेटी के लिए बनवाए थे।

आधी रात के बाद उन्होंने अपने बेटे गौरव व उसके दोस्त को घर की रखवाली के लिए भेजा। जैसे ही दोनों घर के पास पहुंचे तो अंदर से खटपट की आवाज आ रही थी। मकान पर लगा ताला टूटा हुआ पास के गमले में पड़ा हुआ था। जब दोनों अंदर गए तो चोर आसपास के मकानों की छत पर कूदकर फरार हो गया। अलमारी और संदूक का भी ताला टूटा था और सामान अस्त व्यस्त मिला। यहां रखे करीब 8 लाख रुपए कीमत के गहने चोर लेकर फरार हो गए।
किशनलाल की गली की ओर आने वाले मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज को जब पुलिस ने खंगाला गया। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद मकान से कूदकर भाग रहे चो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद हो गए। चोर की उम्र करीब 20-25 वर्ष के बीच है। उसने जैकेट के साथ गले में मफलर भी डाला हुआ था। आहट होने के बाद चोर पीछे के मकानों से भाग गए।

किशन की मां रात में घर पर ही थीं। देर रात वह खाने के लिए बैंक्वेट हाल गई थीं और आधे घंटे के बीच ही वारदात को अंजाम दिया गया। नंदग्राम के एसीपी आलोक दुबे ने बताया कि फुटेज से चोर का स्पष्ट फोटो तैयार कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे पहचान कर चोर को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सर्विलांस सेल की भी मदद ले रहे हैं। चोरी की वारदात को किसी करीबी ने अंजाम दिया है, जिसे पता था कि गहने घर पर रखे हैं।