साल के आखिरी दिन अवकाश दिवस पर निगम कोष में जमा हुए 33 लाख रुपए

गाजियाबाद। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में साल के आखिरी दिन हाउस टैक्स की वसूली के लिए कैंप लगाए गए। कैंप में पांचों जोन क्षेत्र में लगभग 33 लाख रुपए हाउस टैक्स का बकाया जमा हुआ। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर टैक्सदाताओं की सहूलियत के लिए कैंप लगाए गए थे। शिवरों में जोनल प्रभारियों के नेतृत्व में कैंप का प्रचार-प्रसार भी कराया गया। इसके तहत रविवार को कविनगर जोन क्षेत्र में 5.38 लाख रुपए बकाया टैक्स का जमा हुआ। वहीं, विजयनगर जोन क्षेत्र में 7.95 लाख, मोहननगर जोन क्षेत्र से 3.03 लाख, सिटी जोन क्षेत्र 3.25 लाख, वसुंधरा जोन क्षेत्र से 12.39 लाख रुपए की बकाया वसूली हुई।

नगर आयुक्त ने साल के आखिरी दिन रविवार को पांचों जोन क्षेत्र में लगाए गए हाउस टैक्स की वसूली के लिए कैंप में टीम का उत्साहवर्धन किया। इसमें क्षेत्र के पार्षदों ने भी सहयोग किया। हाउस टैक्स के साथ-साथ करेत्तर की वसूली को बढ़ाने के लिए टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नगर आयुक्त ने भी टैक्स की वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, नगर आयुक्त के निर्देश पर हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों से लेकर कंपनी पर सीलिंग की कार्रवाई भी की गई। हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने वालों पर नगर निगम द्वारा शिकंजा कसा जाने के चलते पिछले एक सफ्ताह में पांचों जोन क्षेत्र में लगभग 306 संपत्तियां सील की गई।

मार्च तक वसूली अभियान तेज किया जाएगा। नगर निगम सीमा क्षेत्र में लगभग 5.85 लाख से ज्यादा संपत्ति हाउस टैक्स के दायरे में आती है। नगर निगम को वित्तीय वर्ष में 31 मार्च तक लगभग 250 करोड़ रुपए वसूली का लक्ष्य है। निगम का दावा है कि अभी तक करीब 198 करोड़ रुपए की वसूली हो गई है। लंबे समय से टैक्स नहीं देने वालों की संपत्ति सील की जा रही है। एक सफ्ताह में करीब 306 संपत्तियां सील की गई। इनमें वसुंधरा जोन क्षेत्र में 96,मोहननगर जोन में 46, कविनगर जोन में 14, सिटी जोन में 78 और विजयनगर जोन क्षेत्र में 72 संपत्तियां सील की गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस जारी कर हाउस टैक्स करने के लिए कहा गया है।

जनवरी तक मिलेगी टैक्स में छूट:
नगर निगम द्वारा जनवरी तक हाउस टैक्स का बकाया जमा करने पर पांच फीसदी की छूट का लाभ मिल सकेगा। इसके बाद कोई छूट नहीं मिलेगी। फरवरी से हाउस टैक्स जमा नहीं करने पर 12 फीसदी ब्याज का पैसा भी देना होगा। इसके बाद भी हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने पर सीवर और पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। इस संबंध में नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा का कहना है कि हाउस टैक्स की वसूली के लिए अभियान तेजी से जारी है। पांचों जोन क्षेत्र में संपत्ति सील की जा रही है। हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने वालों के पानी, सीवर के कनेक्शन काटे जाएंगे।