अभिनेत्री विजयशांति ने थामा भाजपा का दामन

दक्षिण सिनेमा की अमिताभ ने छोड़ा कांग्रेस का हाथ

नई दिल्ली। तेलंगाना की अभिनेत्री एवं राजनेता विजयशांति ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। वह अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जुड़ गई हैं। विजयशांति की पहचान दक्षिण के सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन के तौर पर होती है। फिल्मों में उन्होंने काफी दमदार अभिनय के जरिए दर्शकों के दिल पर अपनी छाप छोड़ी है। अभिनेत्री से राजनेता बनीं विजयशांति ने नया सियायी घर ढूंढ लिया है। कांग्रेस का साथ छोड़कर वह भाजपा में शामिल हो गई हैं। इसके पहले रविवार को दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गृह राज्य मंत्री जी. कृष्ण रेड्डी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद से यह चर्चाएं शुरू हो गई थीं कि विजयशांति जल्द भाजपा में शामिल हो सकती हैं। वह साल 2014 में कांग्रेस से जुड़ी थीं। उन्हें दक्षिण के सिनेमा के अमिताभ बच्चन के रूप में जाना जाता है। हालांकि विजयशांति ने अपना राजनीतिक सफर भाजपा के साथ आरंभ किया था। उन्होंने 1997 में भाजपा को ज्वाइन किया था। तेलंगाना को पृथक राज्य बनाने के लिए आंदोलन छेड़ा गया था। उस दौरान वह टीआरएस प्रमुख केसीआर के साथ जुड़ीं और टीआरएस में शामिल हो गई थीं। टीआरएस के टिकट पर विजयशांति मेडक लोक सभा सीट से चुनाव लड़ीं और 2009-2014 तक सांसद भी रहीं। इसके बाद उन्होंने टीआरएस से दूरी बनाकर कांग्रेस में आस्था दिखाई थी। वर्तमान में वह भाजपा के साथ जुड़कर नई सियासी पारी खेलने जा रही हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने भी कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। उर्मिला अब शिवसेना में आ चुकी हैं। पिछले लोक सभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, मगर भाग्य ने उनका साथ नहीं दिया था। चुनाव हार जाने के बाद उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस को छोड़ दिया था। अब वह शिवसेना के प्रचार-प्रसार में जुट गई हैं।