अपनी अंतिम भूख हड़ताल करेंगे अन्ना हजारे

किसानों के समर्थन में खुलकर आए सामने

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। दिल्ली के विज्ञान भवन में मंगलवार को सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच वार्ता होनी है। इस वार्ता से पहले दोनों पक्ष अपनी-अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। उधर, सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने किसानों के समर्थन में भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। 83 वर्षीय हजार का कहना है कि यदि साल जनवरी के आखिर तक सरकार किसानों से संबंधित मुद्दों को नहीं सुलझाती तो वह भूख हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल उनका आखिरी विरोध होगी। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में अपने गांव रालेगढ़ सिद्धि में पत्रकारों से बातचीत में अन्ना हजारे ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले 3 साल से किसानों के लिए विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं, मगर सरकार ने मुद्दों को हल करने के लिए कुछ नहीं किया है। सरकार सिर्फ खाली वादे कर रही है। दिल्ली के सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर सोमवार को भी बड़ी संख्या में किसान डटे रहे। किसानों ने धरनास्थल पर विरोध-प्रदर्शन कर सरकार को जमकर कोसा। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नए कृषि कानूनों के विरोध कर रही कांग्रेस पर रविवार को निशाना साधा था। नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुराना वीडियो शेयर किया था। वीडियो में किसानों और कंपनियों के बीच बिचौलियों के हटाने की बात राहुल गांधी कर रहे हैं। नए कृषि कानूनों का कांग्रेस निरंतर विरोध कर रही है। हालांकि सरकार कई बार यह स्पष्ट कर चुकी है कि कानून लागू होने के बाद किसानों और फसल खरीदारों के बीच बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर यह वीडियो सदन में जारी कार्रवाई का है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस निरंतर किसानों को भ्रमित कर उकसाने का काम कर रही है। यह घोर निंदनीय है। इस मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस के बीच खूब वाकयुद्ध चल रहा है।