अर्थला झील का होगा सौंदर्यीकरण

म्युनिसिपल कमिश्नर ने किया निरीक्षण, पॉलीथीन के खिलाफ चला अभियान

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम की वर्षों पुरानी अर्थला झील का चहुंमुखी सौंदर्यीकरण कराने के लिए नगर निगम अब प्लानिंग में जुट गया है। शुक्रवार को म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, सेनेटरी आॅफिसर अजय अग्रवाल आदि अधिकारियों की मौजूदगी में अर्थला झील का निरीक्षण किया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने झील के पानी को हाथ में लेकर सूंघकर देखा। हिंडन नदी के नजदीक अर्थला झील करीब 29 एकड़ क्षेत्रफल में बसी हुई है। झील में जलकुंभी होने के साथ इसकी सफाई कराने की प्लानिंग की गई। म्युनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि अर्थला झील को साफ करने और सौंदर्यीकरण करने के लिए कुछ लोगों ने प्लान दिया है। इस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अर्थला झील किनारे अवैध निर्माण को तोड़ने और झील को साफ कैसे किया जाए। इसकी योजना बनाई जाएगी। अर्थला झील की जमीन पर कब्जा कर भू-माफिया यहां पर प्लॉट काटकर बेच चुके है। पूर्व में एनजीटी के आदेश पर करीब 580 अवैध मकान चिन्हित किए गए थे। इनमें से करीब 200 मकान नगर निगम अब तक तोड़ चुका है। लोगों के विरोध के चलते यह कार्रवाई रोकनी पड़ी। एनजीटी के आदेश के क्रम में अवैध निर्माण तोड़ने और अर्थला झील का सौंदर्यीकरण करने की निगम अब प्लानिंग करेगा।
उधर वसुंधरा जोन में प्रवर्तन टीम ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर पॉलीथीन के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान में 60 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर 50 हजार रुपया जुर्माना वसूला गया। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री और पॉलीथिन के खिलाफ चलाये गये अभियान का नेतृत्व प्रवर्तन प्रभारी कर्नल दीपक सरन ने किया। अभियान में वसुंधरा जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय, सफाई निरीक्षक योगेंद्र यादव सहित प्रवर्तन टीम के अन्य कर्मचारी शामिल थे।
—————-