किसान दिवस पर कृषकों को लुभाने का प्रयास

सीएम योगी ने कृषि कानूनों को लाभकारी बताया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को किसान दिवस मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए कृषि कानूनों के लाभकारी पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों से किसानों का हित जुड़ा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सरकार किसानों का सम्मान करती है। कृषकों की मेहनत से 21-22 प्रतिशत तक अन्न उपलब्ध कराने में सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि सूबे में आज ज्यादातर किसान आधुनिक तकनीक का उपयोग कर प्रगति कर रहे हैं। उप्र सरकार ने किसानों को ट्रैक्टर की चाबी भी दी। पहले की सरकारों की प्राथमिकता में किसान नहीं थे। मौजूदा सरकार ने कृषि के नए अनुसंधानों को बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्नदाताओं को खाद, बीज, पेस्टीसाइड के लिए आर्थिक मदद कर रहे हैं। 54 हजार करोड़ रुपए पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए सीधे खातो में भेजे जा रहे हैं। यूपी सरकार भी हर किसान की फसल को खरीदने का काम कर रही है। किसान दिवस पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाले कभी उनके जीवन को खुशहाल करने हेतु कदम नहीं उठा पाए। गन्ना किसानों के लिए सरकार ने अभूतपूर्व काम किए हैं। किसान के चेहरे पर खुशहाली लाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को एमएसपी और मंडियों की समाप्ति के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। यह कैसी राजनीति है, किसान के हित में कुछ भी नहीं होने देंगे। आज़ादी के बाद पीएम मोदी की सरकार में व्यापक परिवर्तन किए जा रहे हैं। जबकि विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा के किसान आंदोलनरत हैं। इस कारण सरकार की मुश्किलें भी बढ़ी हुई हैं। कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग विभिन्न किसान संगठनों ने की है।