स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में गाजियाबाद को नंबर-1 बनाने का नगर आयुक्त ने खींचा खाका

-मानकों को पूरा करने के साथ वार्डों का भी भौतिक निरीक्षण करें अधिकारी: डॉ. नितिन गौड़

गाजियाबाद। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में रैंकिंग सुधरने के बाद निगम अब प्रदेश के बाद देश में भी नंबर वन बनने के लिए जुट गया है। प्रत्येक वार्डों में कूड़ा कलेक्शन से लेकर निस्तारण तक की व्यवस्था कर ली गई है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में इस बार बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने योजनाबद्ध तरीके से कार्यप्रणाली तैयार की है। जिसमें प्रत्येक जोन के लिए सुपर जोनल प्रभारी नामित किया हैं। जोकि शहर की सफाई व्यवस्था, शौचालय, पार्क की सफाई व्यवस्था एवं सौंदर्यकरण, प्रकाश व्यवस्था की कमान संभालेंगे। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्देशित किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के मानकों को पूर्ण कराने के साथ-साथ आंतरिक वार्ड की गलियों में भी भौतिक स्थलीय निरीक्षण करें। जिसमें वहां तैनात कर्मचारियों से संपर्क साधते हुए समस्याओं का समाधान भी कराएंगे। नगर आयुक्त की योजना अनुसार समस्त संबंधित अपने-अपने जोन में प्रात: निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही वहां की समस्याओं का निराकरण भी करा रहे हैं। नगर आयुक्त की इस योजना से जहां शहर की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही क्षेत्र की समस्याओं का भी निस्तारण होगा।

नगर आयुक्त ने बताया शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में इस बार बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को सभी मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। अब लोगों की भागीदारी और जिम्मेवारी शुरू होती हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 एक ऐसा सर्वे है, जिसमें देशभर के गांव, शहरों और कस्बों की स्वच्छता देखी जाती है। इसमें लोग भी सहयोग करें। लोगों के सुझाव और प्रश्नों के उत्तरों, यूजर चार्ज देने समेत अन्य चीजों को ध्यान में रखते हुए यह रैंकिंग अपने शहर को मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब शहर वासियों को अपने दायित्व का निर्वाह करना है। नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यो की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। नगर आयुक्त ने शहर वासियों से स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के बाद देश में नंबर वन बनाने की अपील की है। जिसमें क्षेत्रीय पार्षद भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं। संबंधित विभागीय अधिकारी स्वच्छ सर्वेक्षण के मांनको को पूर्ण भी करा रहे हैं। साथ ही आंतरिक क्षेत्रों में भी जाकर वहां की समस्याओं का समाधान भी कराने में जुट गए है।

सुपर जोनल प्रभारियों ने संभाली स्वच्छता सर्वेक्षण की कमान
सिटी जोन के अंतर्गत सुपर जोनल प्रभारी के रूप में शिवपूजन यादव अपर नगर आयुक्त, कवि नगर जोन में सुपर जोनल प्रभारी अरुण कुमार यादव अपर नगर आयुक्त, विजय नगर जोन में सुपर जोनल प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी, मोहन नगर जोन में सुपर जोनल प्रभारी आनंद त्रिपाठी महाप्रबंधक जल तथा वसुंधरा जोन में सुपर जोनल प्रभारी एनके चौधरी मुख्य अभियंता निर्माण को जिम्मेदारी दी गई है।

वेस्ट टू वंडर पार्क से भी मिलेंगे अंक
वेस्ट टू वंडर पार्क के अलग से अंक स्वच्छता सर्वेक्षण में मिलेंगे। लगभग 100 अंक इस पार्क से गाजियाबाद को स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के क्रम में मिलेंगे। शहर वासियों के लिए नगर निगम द्वारा ऐसे आकर्षण का केंद्र शहर में बनाए जा रहे हैं, जोकि लाभदायक सिद्ध हो रहे हैं। सिटी जोन स्थित कंपनी बाग में वेस्ट टू वंडर पार्क बनाया गया है। ट्रिपल आर अभियान से पार्क में पुराने टायर, पुरानी बोतल, पुराने डिब्बे, खराब सीढी, पुराने स्टील या लोहे के कटिंग अन्य ऐसी वस्तुएं जो कि लोगों के लिए उपयोगी नहीं थी। उनका उपयोग कर वेस्ट टू वंडर पार्क बनाया गया। जिसमें सुबह और शाम के समय आगंतुक आकर कहां बैठते हैं और वहां से कचरा पृथक्करण में अपनी भागीदारी के लिए मन बनाते हैं। कुछ अच्छा करने की प्रेरणा लेते हैं। नगर निगम की इस मुहिम से शहरवासी अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए भी अपना योगदान दे रहे है।