गन्ने की उत्कृष्ट खेती के लिए किसानों को किया जाए प्रेरित: वीना कुमारी

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गन्ना खेती को उद्यमिता से जोड़ने एवं युवाओं को मिट्टी से जुड़ाव के लिए प्रोत्साहित करने व स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए आदेशित किए जाने के बाद गन्ना किसानों को अब प्रेरित किया जाएगा। मंगलवार को प्रदेश की चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की प्रमुख सचिव वीना कुमारी ने जिला गन्ना अधिकारियों एवं प्रदेश के 45 गन्ना उत्पादक जिलों के विभिन्न प्रगतिशील गन्ना किसानों, राज्य गन्ना प्रतियोगिता एवं उत्कृष्ट कार्य योजना के विजेताओं, युवा पुरूष एवं महिला किसानों के साथ वर्चुअल संवाद किया।इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार तेवतिया भी लाइव जुड़े। इनके साथ गन्ना किसान अरूण व पत्नी अनीता त्यागी गांव डिडौली, अनिल पुत्र मानसिंह भोजपुर,दलवीर पुत्र नवाब सिंह आदि किसानों से संवाद किया गया।

प्रमुख सचिव ने लाइव संवाद के दौरान कहा कि गन्ने की खेती में आने वाली लागत व आमदनी बढ़ाई जाए।गन्ने की खेती में तकनीक के प्रयोग,प्रजातीय संतुलन,प्राकृतिक खेती, गन्ने से तैयार होने वाले उत्पादों के निर्यात,कम गन्ना खेती के किसानों को उपयोगी यंत्रों की उपलब्धता व सहफसली खेती आदि विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख सचिव ने संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील गन्ना किसानों को कहा कि किसानों की समृद्धि से ही प्रदेश का विकास संभव है। प्रगतिशील गन्ना किसान एवं अन्य किसानों को भी गन्ने की उत्कृष्ट खेती के लिए जरूरी जानकारी देते हुए प्रेरित करें।

संवाद कार्यक्रम के दौरान अपर गन्ना आयुक्त प्रशासन प्रणय सिंह,प्रबंध निदेशक सहकारी चीनी मिल संघ रमाकांत पांडेय आदि उपस्थित रहे। अपर गन्ना आयुक्त विकास वीके शुक्ल द्वारा गन्ना किसानों की गन्ना बीज संबंधी विषय का समाधान किया। अपर गन्ना आयुक्त समितियां वीबी सिंह ने फार्म मशीनरी बैंकों में यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने पर अपने विचार व्यक्त किए। अपर गन्ना आयुक्त क्रय विश्वेश कनौजिया द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। इसके तहत लोहियानगर स्थित जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार तेवतिया की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।इसमें जिले के पांच किसान शामिल हुए।